
शहडोल. जयसिंहनगर वन परिक्षेत्र अंतर्गत मसिरा सर्किल में एक बाघ और एक बाघिन के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। दोनों शव एक-दूसरे से करीब 200 मीटर की दूरी पर पाए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल डॉग स्क्वॉड समेत कई टीमें सघन सर्चिंग में जुटी हुई हैं।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात को सबसे पहले मसिरा सर्किल के आरएफ 382 क्षेत्र के पास एक बाघ का शव मिलने की सूचना वन विभाग को मिली थी। सूचना मिलते ही विभागीय टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इसी दौरान सोमवार तड़के उसी क्षेत्र के आसपास एक बाघिन का शव भी बरामद हुआ, जिससे मामला और गंभीर हो गया। दोनों शव राजस्व क्षेत्र में पाए गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, दोनों बाघों की मौत करंट लगने से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वन विभाग की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और हर एंगल से जांच की जा रही है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
घटना की जानकारी मिलते ही डीएफओ तरुणा वर्मा भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया कि दो बाघों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, लेकिन मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। उन्होंने कहा कि पीएम रिपोर्ट से पहले किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।
फिलहाल वन विभाग की डॉग स्क्वॉड टीम, फील्ड स्टाफ और विशेषज्ञ दल क्षेत्र में लगातार सर्चिंग कर रहे हैं। यह जांच की जा रही है कि मामला प्राकृतिक मौत का है या फिर किसी अवैध गतिविधि अथवा साजिश से जुड़ा हुआ है। इस घटना से वन्यजीव प्रेमियों और आम लोगों में चिंता का माहौल है। वन विभाग ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही जांच पूरी कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
Leave A Reviews