Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

मुनाफे का लालच देकर शाजापुर के व्यापारी से 29 लाख की ठगी

शाजापुर। शहर में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर एक व्यापारी से करीब 29 लाख 49 हजार रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। धोबी चौराहा क्षेत्र में मोबाइल शॉप चलाने वाले व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने पहले 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद ऑनलाइन एफआईआर के जरिए केस दर्ज किया गया।

फरियादी राहुल गोठी, निवासी शाजापुर, ने पुलिस को बताया कि 5 जनवरी को उनके व्हाट्सएप पर दो अज्ञात नंबरों से एक लिंक आया। लिंक भेजने वालों ने खुद को ‘ट्रस्ट क्वाइन’ नामक ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म का प्रतिनिधि बताया और इथिरियम ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का लालच देकर निवेश के लिए प्रेरित किया।

शुरुआत में राहुल ने कम राशि निवेश की, जिस पर उन्हें मुनाफा दिखाया गया। यह राशि उनके बैंक खाते में भी ट्रांसफर की गई, जिससे आरोपियों ने उनका भरोसा जीत लिया। इसके बाद अलग-अलग चरणों में ट्रेडिंग, कमीशन और एडवांस चार्ज के नाम पर उनसे यूपीआई, फोन-पे और आरटीजीएस के जरिए विभिन्न बैंक खातों में रकम जमा करवाई गई।

व्यापारी के अनुसार, पांच दिनों की ट्रेडिंग के बाद उनके वॉलेट में 97 लाख रुपये से अधिक का मुनाफा दिखाया गया। जब उन्होंने यह राशि निकालने की कोशिश की, तो प्रक्रिया रोक दी गई और आरोपियों ने मुनाफा निकालने के लिए 25 प्रतिशत अतिरिक्त राशि जमा करने की शर्त रख दी। इसी दौरान राहुल को ठगी का एहसास हुआ।

इस पूरे घटनाक्रम में आरोपियों ने कुल 29,49,476 रुपये की राशि अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवा ली। पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबरों और बैंक खातों के आधार पर प्रकरण दर्ज किया है। मामले की जांच साइबर सेल भी कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

कोतवाली थाना प्रभारी संतोष कुमार बाघेला ने बताया कि मामले में गंभीरता से जांच की जा रही है। साथ ही उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन ट्रेडिंग और अधिक मुनाफे के लालच में किसी भी अज्ञात लिंक, ऐप या व्यक्ति पर भरोसा न करें।

Share:

Leave A Reviews

Related News