
शिवपुरी. मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में इन दिनों मुसलाधार बारिश का दौर जारी है, जिसके चलते नदी-नाले उफान पर हैं. इस बीच जान जोखिम में डालकर बहते पानी को पार करने के दुस्साहस की एक डरावनी तस्वीर रन्नौद थाना क्षेत्र से सामने आई है, जहां पिछोर मार्ग स्थित मुतलेड़ी नदी की उफनती पुलिया को पार करते समय एक युवक बाइक सहित तेज बहाव में बह गया.
क्षेत्र में लगातार हो रही तेज बारिश के कारण मुतलेड़ी नदी का जलस्तर काफी बढ़ चुका है और पानी पुलिया के काफी ऊपर से बह रहा है. इसके बावजूद लोग खतरे की परवाह किए बिना रास्ते को पार करने की कोशिश कर रहे हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ही बाइक पर तीन युवक सवार होकर उफनती पुलिया को पार करने लगे. जैसे ही वे पुलिया के बीच पहुंचे, पानी के तेज थपेड़ों से उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया.
बाइक बचाने के चक्कर में बहा युवक
बैलेंस बिगड़ते ही बाइक पर पीछे बैठे दो युवकों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत मोटरसाइकिल छोड़ दी और खुद को संभाला. लेकिन बाइक चला रहा युवक अपनी गाड़ी को बचाने के चक्कर में पानी के प्रचंड वेग के साथ बह गया. गनीमत यह रही कि कुछ दूर तक नदी में बहने के बाद युवक तैरकर सुरक्षित किनारे पर आ गया, हालांकि उसकी बाइक पानी के तेज बहाव में डूब गई और लापता है.
ग्रामीणों ने दूसरे युवकों को बचाया
इस हादसे के तुरंत बाद भी कुछ लोग सबक लेते नहीं दिखे. वहीं पास में एक अन्य बाइक पर सवार दो और युवक भी पानी के बहाव में फंस गए. उन्हें संकट में देखकर किनारे पर खड़े 7 से 8 ग्रामीण तुरंत देवदूत बनकर आगे आए. ग्रामीणों ने अपनी जान पर खेलकर मशक्कत करते हुए दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला.
इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है. जिला प्रशासन ने नागरिकों से बार-बार अपील की है कि बारिश के मौसम में उफान पर चल रहे नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और अपनी जान जोखिम में न डालें.
Leave A Reviews