
सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले के रामपुर नैकिन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सतोहरी में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ सड़क किनारे पहले से गिरे एक पेड़ से तेज रफ्तार बाइक टकरा गई, जिसमें एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है, जिससे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
मृतक की पहचान बजरंगढ़ निवासी मनमोहन साहू (पिता राम भजन साहू) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मनमोहन अपनी बाइक से तेज रफ्तार में जा रहा था, तभी अंधेरे के कारण उसे सड़क पर गिरा पेड़ दिखाई नहीं दिया और बाइक सीधे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मनमोहन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वहां ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही खड़ी चौकी प्रभारी नीरज साकेत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए रामपुर नैकिन अस्पताल भेज दिया है। चौकी प्रभारी नीरज साकेत ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हादसा पेड़ से टकराने के कारण ही हुआ है, हालांकि पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।
इस दुखद घटना के बाद ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीण विनय पांडे ने आरोप लगाया कि सड़क किनारे यह पेड़ काफी लंबे समय से गिरा हुआ था, लेकिन बार-बार ध्यान आकर्षित कराने के बावजूद इसे हटाने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पेड़ हटा दिया गया होता, तो आज एक युवक की जान न जाती। स्थानीय लोगों ने अब जिला प्रशासन से मांग की है कि सड़कों पर मौजूद ऐसे अवरोधों को तत्काल हटाया जाए ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार का चिराग न बुझे।
Leave A Reviews