
मध्य प्रदेश के बुधनी क्षेत्र के भैरूंदा में स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान हिंसा और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि विरोध के दौरान 13 स्मार्ट मीटरों में आग लगा दी गई और बिजली कंपनी के कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई।
जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के अंतर्गत मैसर्स अपरवा कंपनी के कर्मचारी सुभाष कॉलोनी में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान पार्षद प्रतिनिधि कैलाश धावरे मौके पर पहुंचे और कथित रूप से स्थानीय लोगों को मीटर लगाने का विरोध करने के लिए उकसाया।
आरोप है कि इसके बाद कुछ लोगों ने लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों को उखाड़कर उनमें ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी, जिससे करीब 13 मीटर जलकर नष्ट हो गए। इस दौरान कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और झूमाझटकी भी की गई।
घटना के बाद कंपनी के सहायक प्रबंधक टेकसिंह बाल्के ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कैलाश धावरे के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के साथ-साथ विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 138 और 140 के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
Leave A Reviews