
डेजॉन (दक्षिण कोरिया). दक्षिण कोरिया के औद्योगिक शहर डेजॉन में शनिवार देर रात एक कार पार्ट्स फैक्ट्री में भीषण आग लगने से कम से कम 10 कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई. इस हादसे में 59 अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 25 की स्थिति नाजुक बनी हुई है. आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रशासन को राहत कार्य के लिए सेना और आधुनिक उपकरणों की मदद लेनी पड़ी है.
धमाकों और मलबे के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे के वक्त फैक्ट्री परिसर में करीब 170 कर्मचारी काम कर रहे थे. आग लगने के बाद पूरी इमारत धुएं के गुबार में तब्दील हो गई. बचाव दल ने दूसरी मंजिल से एक और तीसरी मंजिल से तीन शव बरामद किए हैं. अधिकारियों के अनुसार, रेस्क्यू ऑपरेशन में सबसे बड़ी बाधा फैक्ट्री में रखा 200 किलोग्राम सोडियम था, जिसके कारण रुक-रुक कर विस्फोट हो रहे थे. इमारत के ढहने की आशंका के चलते दमकलकर्मियों को अंदर दाखिल होने में घंटों मशक्कत करनी पड़ी.
राष्ट्रपति ने दिए आपातकालीन निर्देश
हादसे की गंभीरता को देखते हुए दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने आपदा प्रबंधन विभाग को हाई अलर्ट पर रखा है. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी उपलब्ध संसाधनों और कर्मियों को बचाव कार्य में झोंक दिया जाए ताकि लापता 4 लोगों को सुरक्षित निकाला जा सके.
आग का कारण अभी भी रहस्य
फिलहाल स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीमें आग लगने के कारणों की जांच कर रही हैं. यह पता लगाया जा रहा है कि क्या फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों (Safety Norms) की अनदेखी की गई थी या यह किसी शॉर्ट सर्किट का नतीजा था.
Leave A Reviews