
सीधी स्थित शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय (GDC) से एक शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। कॉलेज के स्पोर्ट्स टीचर उमेश पाठक पर छात्राओं के आधिकारिक स्टडी व्हाट्सएप ग्रुप 'GDC सीधी UG बैच-2025' में एक साथ 6 अश्लील वीडियो भेजने का गंभीर आरोप लगा है। घटना 31 अक्टूबर की दोपहर करीब 1 बजे की है। वीडियो साझा करते हुए मैसेज में लिखा गया था— "इस वीडियो को खोलकर देखें, भ्रष्ट नेता पकड़े गए।" वीडियो पोस्ट होते ही ग्रुप से जुड़ी छात्राओं में आक्रोश फैल गया। विरोध बढ़ता देख शिक्षक ने तत्काल अपना मोबाइल फोन बंद (स्विच ऑफ) कर लिया, जिससे छात्राओं का गुस्सा और भड़क गया।
घटना के तुरंत बाद छात्राओं ने कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. देवेंद्र सोनी से शिकायत कर आपत्तिजनक वीडियो हटाने की मांग की, लेकिन करीब 4 घंटे तक ग्रुप से वीडियो नहीं हटाए गए। इसके बाद बड़ी संख्या में छात्राएं कॉलेज के प्राचार्य ओपी नामदेव के कक्ष में पहुंचीं और आरोपी शिक्षक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। छात्राओं का आरोप है कि कॉलेज प्रबंधन और प्राचार्य मामले को दबाने और शिक्षक का बचाव करने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि प्राचार्य ओपी नामदेव ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षक से संपर्क करने की कोशिश की थी, लेकिन फोन बंद मिला। बाद में अन्य प्रोफेसर्स और एडमिन के जरिए करीब 4 घंटे बाद ग्रुप से वीडियो डिलीट कराए गए। कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि वे पूरे मामले की आंतरिक जांच कर रहे हैं।
विवाद बढ़ने के बाद आरोपी स्पोर्ट्स टीचर उमेश पाठक शाम करीब 6 बजे कोतवाली थाने पहुंचे और मोबाइल हैक होने के संबंध में एक शिकायती आवेदन दिया। शिक्षक का दावा है कि उनका फोन हैक हो गया था, जो करीब आधे घंटे बाद अपने आप सामान्य हो गया। वहीं कोतवाली थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि शिक्षक ने आवेदन दिया है, लेकिन चूंकि मामला तकनीकी और सोशल मीडिया से जुड़ा है, इसलिए इसकी जांच साइबर सेल द्वारा की जाएगी। पुलिस के अनुसार अभी कॉलेज प्रबंधन या छात्राओं की ओर से कोई औपचारिक लिखित शिकायत नहीं मिली है। उधर साइबर सेल एक्सपर्ट कृष्ण मिश्रा का कहना है कि व्हाट्सएप हैक होने की स्थिति में आमतौर पर केवल एक ही ग्रुप में नहीं बल्कि कई संपर्कों और समूहों में लिंक या पैसे की मांग वाले मैसेज जाते हैं। इस मामले में विस्तृत तकनीकी विश्लेषण और लॉग डिटेल्स की जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
Leave A Reviews