
चिचोली/शाहपुर: बैतूल जिले के घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तीनों जनपदों के लिए गुरुवार का दिन ऐतिहासिक रहा। सतपुड़ा ग्राउंड, घोड़ाडोंगरी में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत एक भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के 200 जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दाम्पत्य जीवन में प्रवेश किया। इस गरिमामयी समारोह में क्षेत्रीय विधायक गंगा सज्जन सिंह उईके सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए।
समारोह को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय विधायक गंगा सज्जन सिंह उईके ने कहा कि प्रदेश सरकार बेटियों के सशक्तिकरण और समाज कल्याण हेतु पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि "मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना" केवल एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि गरीब परिवारों की बेटियों के हाथ पीले करने और उन्हें आर्थिक संबल प्रदान करने का एक पवित्र प्रयास है। विधायक ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल सिंह कुशवाहा, पूर्व विधायक रामजीलाल उइके और सारणी नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरडे विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही चिचोली नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती वर्षा मालवीय, उपाध्यक्ष श्रीमती वर्षा आंवलेकर, और शाहपुर जनपद अध्यक्ष श्री शिवशंकर मवासे ने भी वर-वधु को बधाई दी। कार्यक्रम में घोड़ाडोंगरी जनपद अध्यक्ष श्री राहुल उइके, मंडल अध्यक्ष राजेश महतो, राजेंद्र यादव, विप्लव समद्दार सहित डॉ. सहदेव राय, इंदल यादव और अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की चाक-चौबंद व्यवस्था रही। सतपुड़ा ग्राउंड में सुबह से ही उत्सव का माहौल बना रहा, जहाँ बड़ी संख्या में वर-वधु के परिजनों ने पहुँचकर इस सामूहिक विवाह के साक्षी बने। समारोह के दौरान शासन द्वारा निर्धारित सहायता राशि और उपहार भी नवदंपतियों को वितरित किए गए, जिससे उनके नए जीवन की शुरुआत में सहायता मिल सके।
Leave A Reviews