
कटनी जिले के रीठी तहसील के ग्राम बड़गांव के शासकीय स्कूल में एक छात्र को बिजली का झटका लगने की घटना सामने आई। नौवीं कक्षा के छात्र आहेम कुशवाहा (पिता: खुशी लाल कुशवाहा) शौचालय में करंट की चपेट में आ गए। छात्र की हालत बिगड़ने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद कटनी जिला अस्पताल रेफर किया गया।
घटना उस समय हुई जब आहेम स्कूल परिसर के शौचालय में गया। शौचालय के भीतर वह अचानक बिजली के तारों के संपर्क में आ गया और जोरदार झटका लगने से वहीं गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही स्कूल में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस और स्थानीय स्वास्थ्यकर्मियों ने छात्र को पहले बड़गांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर स्थिति को देखते हुए कटनी जिला अस्पताल रेफर किया गया।
डॉक्टरों के अनुसार छात्र की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन वह चिकित्सकीय निगरानी में है। इस घटना के बाद स्कूल परिसर में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था और शौचालय में अव्यवस्थित बिजली तारों पर सवाल उठने लगे हैं। स्कूल प्रबंधन द्वारा सुरक्षा इंतजाम न लेने के मामले की भी जांच की जा रही है।
Leave A Reviews