Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

तेलंगाना में ‘पॉलिसी पैरालिसिस’ नहीं, निवेश पूरी तरह सुरक्षित : सीएम रेवंत रेड्डी


हैदराबाद, 25 नवंबर (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने बुधवार को स्पष्ट किया कि तेलंगाना में कोई ‘पॉलिसी पैरालिसिस’ (नीतिगत गतिरोध) नहीं है। उन्होंने निवेशकों से कहा कि उन्हें अपने निवेश की सुरक्षा को लेकर किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है।

हैदराबाद, 25 नवंबर (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने बुधवार को स्पष्ट किया कि तेलंगाना में कोई ‘पॉलिसी पैरालिसिस’ (नीतिगत गतिरोध) नहीं है। उन्होंने निवेशकों से कहा कि उन्हें अपने निवेश की सुरक्षा को लेकर किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है।

उन्होंने कहा कि सरकार पिछली सरकारों की प्रभावी नीतियों को जारी रखने के साथ-साथ नई नीतियां लाने के लिए भी प्रतिबद्ध है।

‘पोल्ट्री इंडिया एक्सपो 2026’ में बोलते हुए उन्होंने कहा कि कई अन्य राज्यों के विपरीत तेलंगाना में सरकार बदलने के साथ औद्योगिक नीतियां नहीं बदली जाती हैं। सरकार तेलंगाना को 2047 तक 3 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को हासिल करने में तेलंगाना अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि 2047 तक देश की जीडीपी में राज्य की हिस्सेदारी 10 प्रतिशत तक पहुंच जाएगी।

उन्होंने कहा कि उद्योग की जरूरतों के हिसाब से समय-समय पर मौजूदा नीतियों की समीक्षा की जानी चाहिए। उद्योग जगत को भरोसा दिलाया कि सरकारी नीतियों और फैसलों को लेकर चिंता करने की कोई बात नहीं है। उद्योग जगत ने उनके सामने पोल्ट्री यूनिट स्थापित करने में आ रही चुनौतियों का जिक्र किया था और संकट के समय सरकार से सहयोग का अनुरोध किया था।

उन्होंने घोषणा की कि राज्य सरकार जल्द ही ग्राम पंचायतों में पोल्ट्री फार्म स्थापित करने के लिए एक ‘सिंगल विंडो’ सिस्टम लाएगी।

मुख्यमंत्री ने पोल्ट्री उद्योग को हरसंभव मदद और समर्थन देने का आश्वासन दिया। पोल्ट्री सेक्टर को प्राथमिकता वाले क्षेत्र के रूप में मान्यता दी जाएगी और दीर्घकालिक समाधान प्रदान करने के लिए नीतियां बनाई जाएंगी।

सीएम रेवंत रेड्डी ने यह भी भरोसा दिलाया कि पोल्ट्री सेक्टर के लिए मक्के की कमी की समस्या को दूर किया जाएगा। संबंधित मंत्रियों को इस मुद्दे के समाधान के लिए तत्काल कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

इतना बड़ा एक्सपो आयोजित करने के लिए पोल्ट्री उद्योग की तारीफ करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि तेलंगाना में 5.3 करोड़ अंडों का उत्पादन होता है। उन्होंने छात्रों और युवाओं को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में पोल्ट्री उद्यमियों की अहम भूमिका की भी सराहना की।

मुख्यमंत्री ने चुनौतियों से पार पाने और अपना कामकाज जारी रखने में पोल्ट्री उद्योग के लचीलेपन की सराहना की। उन्होंने कहा कि पोल्ट्री उद्योग को खेतिहर मजदूरों और किसानों के लिए रोजगार के और अधिक अवसर उपलब्ध कराने चाहिए।

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि पोल्ट्री उद्योग मुर्गियों और अंडों के उत्पादन के अलावा, किसानों की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत करता है। 'अल नीनो' की स्थितियों को देखते हुए सरकार ने दो साल की जरूरतें पूरी करने के लिए अच्छी गुणवत्ता वाले चावल का भंडार तैयार कर लिया है।

--आईएएनएस

एएसएच/पीएम

Date & Time : 2026-11-25 16:30:02

Share:

Leave A Reviews

Related News