
मुरैना जिले के कैलारस थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। गांव के समीप बहने वाली कुंवारी नदी में नहाने गईं तीन नाबालिग बच्चियां गहरे पानी में समा गईं। पानी के तेज बहाव और गहराई में चले जाने के कारण तीनों बच्चियों की डूबने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो सगी बहनें भी शामिल हैं। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरलाल का पूरा गांव की ये बच्चियां सुबह कार्तिक मास के स्नान के लिए नदी पर पहुंची थीं। नहाते समय अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में गहरे पानी में चली गईं। बच्चियों को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद तत्काल स्थानीय पुलिस प्रशासन को सूचित किया गया।
घटना की सूचना प्राप्त होते ही कैलारस थाना पुलिस फौरन मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके पश्चात एनडीआरएफ की विशेषज्ञ टीम को तत्काल रेस्क्यू अभियान के लिए बुलाया गया। टीम ने गोताखोरों की मदद से कुंवारी नदी में सघन सर्चिंग अभियान चलाया और भारी मशक्कत के बाद तीनों बच्चियों के शवों को पानी से बाहर निकाला।
पुलिस अधीक्षक (SP) धर्मराज मीना ने पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे का शिकार हुईं बच्चियों की शिनाख्त प्राची (12 वर्ष), उसकी सगी बहन चंदा (10 वर्ष) और निशि (12 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर कैलारस अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। एक ही परिवार और गांव की तीन बच्चियों की असामयिक मृत्यु से हरलाल का पूरा गांव गहरे शोक में डूबा हुआ है।
Leave A Reviews