Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

शहडोल में फिर बाघ का हमला, जंगली जानवरों के आतंक से 24 घंटे के भीतर दो मौतें


शहडोल जिले में जंगली जानवरों के हमले से ग्रामीणों में गहरा खौफ फैल गया है। महज 24 घंटे के भीतर वन्यजीवों के हमलों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है। ताजा मामला पपौंध थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम छतवा के झील टोला का है, जहां बुधवार रात अपनी लापता भैंसों को खोजने जंगल की ओर गए 60 वर्षीय राजेंद्र प्रसाद यादव को बाघ ने अपना शिकार बना लिया।

मिली जानकारी के अनुसार, राजेंद्र प्रसाद यादव बुधवार रात करीब 11:30 बजे मवेशियों की तलाश में पनपथा बफर जोन क्षेत्र के पास गए थे। इसी दौरान बाघ ने उन पर अचानक हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। देर रात तक जब वे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। गुरुवार सुबह घटना की सूचना पपौंध पुलिस और वन विभाग को दी गई। पुलिस के मुताबिक, मृतक के शरीर पर मिले गहरे घावों और पगमार्क के आधार पर बाघ के हमले से मौत की पुष्टि हुई है।

एक दिन पहले तेंदुए ने किशोरी को बनाया था शिकार, ग्रामीणों में आक्रोश

इस घटना से ठीक एक दिन पहले ब्यौहारी क्षेत्र में तेंदुए के हमले से एक 15 वर्षीय किशोरी की जान चली गई थी। किशोरी तड़के अपनी बहन के साथ घर की परछी (बरामदे) में सो रही थी, तभी तेंदुआ उसे खींचकर ले गया था। बाद में परिजनों और ग्रामीणों को घर से लगभग 300 मीटर दूर झाड़ियों में किशोरी का क्षत-विक्षत शव मिला था।

लगातार दो दिनों में हुई इन दो मौतों से जंगल सीमा से लगे गांवों में भारी दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग पर गश्त में लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों ने प्रशासन से उचित मुआवजे और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। सूचना मिलने के बाद पनपथा बफर जोन के एसडीओ फॉरेस्ट भूरा गायकवाड़ सहित वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता व कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Date & Time : 2026-11-05 11:44:21

Share:

Leave A Reviews

Related News