Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

मैहर के स्टोन क्रशर में दर्दनाक हादसा, हाइवा की चपेट में आने से ट्रक मालिक की मौत, चालक फरार

मैहर कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पहाड़ी स्थित एक स्टोन क्रशर में रविवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। डस्ट लोडिंग के दौरान लापरवाही से रिवर्स किए गए हाइवा की चपेट में आने से एक ट्रक मालिक की मौके पर ही गंभीर चोटें आईं, जिनकी अस्पताल पहुंचने से पहले मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान रामजी तिवारी (40 वर्ष), पिता कृष्णा प्रसाद तिवारी, निवासी रिगरा, थाना देहात के रूप में हुई है। रामजी तिवारी रविवार दोपहर अपने चालक विनोद कोल के साथ ट्रक क्रमांक एमपी 19 जीए 2765 लेकर पहाड़ी स्थित अमित राय के स्टोन क्रशर पहुंचे थे। क्रशर परिसर में ट्रक में डस्ट की लोडिंग चल रही थी, जिसे रामजी तिवारी स्वयं खड़े होकर देख रहे थे।

करीब साढ़े तीन बजे वहीं मौजूद दूसरे ट्रक (हाइवा क्रमांक एमपी 19 एचए 2370) के चालक ने बिना पीछे देखे लापरवाहीपूर्वक वाहन को रिवर्स कर दिया। अचानक पीछे आए हाइवा की जोरदार टक्कर से रामजी तिवारी संतुलन खोकर गिर पड़े और भारी वाहन का पहिया उनकी कमर के ऊपर से गुजर गया। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद रामजी की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। इस दौरान हादसे को अंजाम देने वाला हाइवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घायल रामजी को उनके चालक विनोद कोल और अन्य लोगों की मदद से तत्काल सिविल अस्पताल मैहर ले जाया गया, लेकिन दुर्भाग्यवश अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।

मौत की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही मैहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मरचुरी में रखवाया और मर्ग कायम कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि फरार हाइवा चालक की तलाश की जा रही है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।

Share:

Leave A Reviews

Related News