
इंदौर में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। शादी समारोह से दुल्हन लेकर लौट रही बारातियों से भरी क्वालिस कार ट्रक में पीछे से जा घुसी। यह हादसा देवगुराडिया स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास हुआ।
हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए। मौके पर ही तीन युवकों—इरफान (24), आरिस (20) और फरहान (19)—की मौत हो गई, जबकि अरफाद (23) ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, 8 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आगे चल रहे भूसा से भरे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगाया। पीछे आ रही तेज रफ्तार क्वालिस के ड्राइवर को संभलने का मौका नहीं मिला और वाहन ट्रक में जा घुसा। बताया जा रहा है कि ट्रक ने ओवरटेक करने के बाद अचानक ब्रेक लगाया था।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया और कुछ ने वाहन में आग लगाने की कोशिश भी की, जिससे तनाव की स्थिति बन गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया और यातायात बहाल किया। मामले में ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है और हादसे की जांच जारी है।
घायलों में आसिफ (38), मोहम्मद अली (22), अयान (17), सोनू (19), मोहम्मद कैफ (22), रेहान (21), अलफेज (18) और फैजान (16) शामिल हैं।
Leave A Reviews