
जबलपुर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित जनजाति गौरव सप्ताह समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनजातीय नायकों के योगदान को याद किया। जबलपुर के गैरिसन ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने 133 करोड़ रुपये के पांच विकास कार्यों की सौगात दी। साथ ही छिंदवाड़ा, डिंडोरी और बालाघाट में 85 करोड़ रुपये की लागत से सांदीपनि विद्यालय बनाने की घोषणा की। कार्यक्रम में जनजातीय समाज की प्रतिभाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने महज 25 साल के जीवन में स्वदेश, स्वधर्म, संस्कृति और सामाजिक अनुशासन का जो संदेश दिया, वह आज भी प्रासंगिक है। ब्रिटिश शासन के खिलाफ उनके संघर्ष और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए किए गए बलिदान को देश हमेशा याद रखेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के जनजातीय नायकों के बलिदान और उनकी विरासत को सम्मान देने का काम किया जा रहा है। मध्यप्रदेश सरकार भी जनजातीय कार्य विभाग के माध्यम से सभी विकासखंडों में इन नायकों के योगदान और आदर्शों को लोगों तक पहुंचा रही है।
उन्होंने रानी दुर्गावती, राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह, टंट्या मामा, राजा भभूत सिंह, भीमा नायक, ख्वाजा नायक और बादल भोई के संघर्षों का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि जबलपुर में राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह के नाम पर मेडिकल कॉलेज बनाया जा रहा है। वहीं, खरगोन में क्रांतिसूर्य टंट्या मामा के नाम पर विश्वविद्यालय खोला गया है। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व का नाम भी राजा भभूत सिंह के नाम पर रखा गया है।
उन्होंने कहा कि जबलपुर में पहली कैबिनेट बैठक आयोजित की गई थी। इसके बाद कटनी के पास संग्रामपुर में दूसरी कैबिनेट बैठक रानी दुर्गावती को समर्पित की गई थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में 43 जनजातियां निवास करती हैं। सरकार सभी क्षेत्रों के विकास के लिए काम कर रही है, लेकिन विशेष रूप से चिह्नित जनजातीय क्षेत्रों का समग्र विकास प्राथमिकता में है।
उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों के लोगों को मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा का लाभ भी मिलेगा। किसानों की आय बढ़ाने के लिए गोपालन और पशुपालन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन विकासखंड स्तर पर भी उत्साह के साथ करने की बात कही।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली जनजातीय समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में जल संरक्षण के लिए उजियारो बाई, हैदराबाद आर्ट एग्जीबिशन के लिए पूर्णिमा पुसरे और दसवीं बोर्ड परीक्षा में प्रदेश में आठवां स्थान हासिल करने वाली पूजा धुर्वे शामिल रहीं।
इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट जमना उइके, पैर से लिखने वाली दिव्यांग द्रोपदी धुर्वे और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज कराने वाले पीएचडी स्कॉलर राम किशोर सिरसाम को भी सम्मानित किया गया।
वॉलीबाल में गोल्ड मेडल जीतने वाले हिमांशु परते और गोंडवाना लोक साहित्य के साहित्यकार डॉ. टीआर बरकड़े को भी सम्मान दिया गया।

मुख्यमंत्री ने जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा सुविधाओं के विस्तार के लिए बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि छिंदवाड़ा, डिंडोरी और बालाघाट में 85 करोड़ रुपये की लागत से सांदीपनि विद्यालय बनाए जाएंगे।
इसके अलावा जबलपुर को 133 करोड़ रुपये की लागत से छात्रावास और विद्यालयों से जुड़े पांच विकास कार्यों की सौगात दी गई। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत जनजातीय समाज के कल्याण के लिए 98 करोड़ रुपये के विकास कार्यों तथा धरती आबा अभियान के अंतर्गत 401.56 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों को गति मिलेगी।

Leave A Reviews