
ग्वालियर/भिंड. शुक्रवार की सुबह ग्वालियर-भिंड हाईवे पर घना कोहरा काल बनकर आया. मालनपुर के पास 100 मीटर से भी कम विजिबिलिटी के बीच एक तेज रफ्तार ट्रक ने वैगनआर कार को कुचल दिया. इस भीषण भिड़ंत में कार चालक सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. इस हादसे की सबसे दुखद बात यह है कि कार में सवार तीन लोगों ने केवल सफर जल्दी तय करने के लिए लिफ्ट ली थी.
हादसे की चार दर्दनाक कहानियां
अधूरा रहा परिक्रमा का संकल्प: भिंड के गोरमी की रहने वाली ज्योति यादव (33) को अपनी मां और बहनों के साथ मथुरा में गिर्राज जी की परिक्रमा के लिए निकलना था. पति ने बस स्टैंड छोड़ा था, लेकिन बस के इंतजार से बचने के लिए वह कार में बैठ गईं. मौत से 20 मिनट पहले पति को फोन पर कहा था- "ग्वालियर पहुंचने ही वाली हूं", लेकिन अगली कॉल पुलिस की आई.
भात मांगने आ रही थी उमा: मेहगांव की उमा राठौर (45) अपनी भांजी की शादी का न्योता (भात) देने भाई के घर ग्वालियर आ रही थीं. 10 फरवरी को शादी थी, लेकिन खुशियां मातम में बदल गईं.
पेपर देने निकला था छात्र: कार चला रहा सौरभ शर्मा बीएससी एग्रीकल्चर का छात्र था. पिता ने कार गांव में छोड़कर बस से जाने को कहा था, लेकिन समय बचाने के चक्कर में वह खुद कार लेकर निकल गया और रास्ते में अन्य लोगों को लिफ्ट दे दी.
मजदूर की मौत: हादसे में एक मजदूर भूरे प्रजापति की भी जान चली गई, जो मजदूरी की तलाश में ग्वालियर जा रहा था.
हादसे का मुख्य कारण: विजिबिलिटी और रफ्तार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोहरा इतना घना था कि सामने से आता ट्रक दिखाई नहीं दिया. सौरभ अपनी कार को तेज रफ्तार में चला रहा था ताकि समय पर ग्वालियर स्टेशन पहुंच सके. मालनपुर के पास ट्रक से हुई सीधी भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए.
Leave A Reviews