
सागर जिला अस्पताल से एक बेहद शर्मनाक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां मंगलवार देर रात आइसोलेशन वार्ड में भर्ती एक बुजुर्ग महिला के दो बेटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि एक भाई ने दूसरे को जमीन पर पटक-पटक कर पीटा। इस दौरान वार्ड में चीख-पुकार मच गई और वहां भर्ती अन्य मरीजों व उनके परिजनों में दहशत फैल गई। चौंकाने वाली बात यह रही कि इस हंगामे के दौरान मौके पर न तो कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद था और न ही अस्पताल का कोई कर्मचारी बीच-बचाव करने पहुंचा।
जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना मंगलवार रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में एक बुजुर्ग महिला गंभीर हालत में भर्ती है, जिसकी देखरेख के लिए उसके दोनों बेटे रात में वहीं मौजूद थे। रात के सन्नाटे में किसी बात पर गुस्साए एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही बीमार मां के मुंह पर लात मार दी।
अपनी सगी मां के साथ भाई की इस शर्मनाक करतूत को देख दूसरा भाई पूरी तरह आगबबूला हो गया और उसने तुरंत इसका कड़ा विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई और विवाद इतना बढ़ गया कि वे वार्ड के भीतर ही आपस में भिड़ गए। दोनों भाइयों के बीच जमकर लात-घूंसे चले, जिससे वार्ड का माहौल पूरी तरह अशांत हो गया।
जिस वक्त वार्ड के भीतर यह खूनी संघर्ष चल रहा था, वहां भर्ती अन्य गंभीर मरीज और उनके तीमारदार डर के मारे कांप उठे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह भगवान भरोसे नजर आई। रात के वक्त इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद न तो कोई सुरक्षाकर्मी वहां तैनात था और न ही अस्पताल का कोई नर्सिंग या मेडिकल स्टाफ मौके पर बीच-बचाव करने पहुंचा, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। काफी देर तक वार्ड में यह हाई वोल्टेज ड्रामा और मारपीट चलती रही, जिसने प्रबंधन के दावों की पोल खोल कर रख दी।
सागर जिला अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर यह कोई पहला मामला नहीं है। अस्पताल में सुरक्षा कर्मियों की भारी कमी लंबे समय से बनी हुई है, जिसके कारण आए दिन इस तरह की लापरवाही सामने आती रहती है। इससे पहले भी वार्डों में मरीजों के परिजनों और बाहरी असामाजिक तत्वों के बीच विवाद और मारपीट की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
हाल ही में ड्यूटी के दौरान एक सुरक्षा कर्मी के आराम से सोने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था, जिसके बाद काफी हंगामा हुआ था। इस वायरल वीडियो के बाद भी अस्पताल प्रबंधन ने कोई सबक नहीं लिया, जिसका नतीजा मंगलवार रात को देखने को मिला जहां मरीज और उनके परिजन पूरी तरह असुरक्षित नजर आए। स्थानीय लोगों ने अब इस मामले में दोषियों और लापरवाह प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Leave A Reviews