
दमोह-जबलपुर हाईवे के जबेरा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक अज्ञात वाहन की टक्कर से दो बाइक सवार युवकों की जान चली गई। दोनों मृतक आपस में मौसेरे भाई थे और शादी समारोह से लौट रहे थे।
मृतकों की पहचान सिंगपुर निवासी 18 वर्षीय आकाश बंसल और सड़क हरदुआ निवासी 18 वर्षीय दीपक बंसल के रूप में हुई है। दोनों भाट खमरिया गांव में अपने रिश्तेदार के लगुन कार्यक्रम में शामिल हुए थे।
गुरुवार रात करीब 12 बजे दाने बाबा के पास मुख्य सड़क मार्ग पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। आकाश बंसल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दीपक बंसल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जबेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत में जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी भी मौत हो गई।
जानकारी मिलते ही जबेरा थाने के एएसआई सुंदर और प्रधान आरक्षक देवेंद्र घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।
Leave A Reviews