
छिंदवाड़ा जिले के जुन्नारदेव क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक बाइक से भोपाल की ओर जा रहे थे, तभी उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस हादसे के बाद इलाके में शोक और सनसनी का माहौल बन गया।
थाना प्रभारी प्रमोद सिरसाम के अनुसार, दोनों युवक दोपहर करीब 12 बजे अपने घर से निकले थे। उनकी बाइक (MP 28 MP 6423) जब दमुआ थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बानाबहरा मेन रोड पर पहुंची, तभी वाहन का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सड़क पर गिर गई। माना जा रहा है कि तेज रफ्तार या अचानक नियंत्रण खोने के कारण यह दुर्घटना हुई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद की और 108 एंबुलेंस की सहायता से उन्हें दमुआ अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवारों में कोहराम मच गया है।
मृतकों की पहचान हेमंत (23), निवासी भाजीपानी और मुजम्मिल (21), निवासी वार्ड क्रमांक 9 भाजीपानी के रूप में हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहन चलाने के खतरों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर वाहन तेज गति से चलते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
Leave A Reviews