
मैहर। रामनगर नगर में बिजली विभाग की घोर लापरवाही सामने आई है। कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल से आंशिका पैलेस तक बिजली की लाइन के तार बेहद लूज और नीचे लटके हुए हैं, वहीं कई पोल तिरछे झुके हुए हैं जो खुलेआम दुर्घटना को आमंत्रण दे रहे हैं।
आज सुबह 7-8बजे हुआ हादसा -
आज सुबह तुरकी, रीवा डिवीजन में एक मालवाहक ट्रक (जिस पर Horn Please लिखा है) जब इस मार्ग से गुजरा तो उसके ऊपर लगे तिरपाल में लूज लटका तार फंस गया। तेज झटके से पूरी लाइन टूट कर सड़क पर गिर गई। गनीमत रही कि पोल नहीं टूटा, नहीं तो और बड़ा हादसा हो जाता।
तस्वीर में साफ दिख रहा है कि तार कितने नीचे लटके हैं। यह हादसा उस समय हुआ जब कन्या स्कूल और आसपास की कोचिंग में पढ़ने वाले सैकड़ों बच्चे स्कूल जा रहे थे। तार गिरते ही अफरा-तफरी मच गई। राहगीर और बच्चे बाल-बाल बचे, वरना करंट की चपेट में आ सकते थे।

मरम्मत के नाम पर सिर्फ पेड़ों की कांट-छांट -
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग मरम्मत के नाम पर सिर्फ कागजों में खानापूर्ति करता है। मौके पर सिर्फ पेड़ों की डालियां काट दी जाती हैं। लूज तारों को टाइट करने, झुके हुए तिरछे खंभों को सीधा करने और बदलने के लिए विभाग का अमला बिल्कुल भी संवेदनशील नहीं है।
कई बार शिकायत के बाद भी लाइन सुधारी नहीं गई। विभाग हमेशा दुर्घटना होने के बाद ही नींद से जागता है।

हादसे के बाद हरकत में आया महकमा -
खबर फैलते ही और फोटो वायरल होते ही विभागीय अमला मौके पर पहुंचा। एक लाइनमैन को खंभे पर चढ़कर टूटी तार को जोड़ते हुए देखा गया। आंशिका पैलेस के सामने लाइन दुरुस्त करने का काम जारी है।
नगरवासियों ने कार्यपालन यंत्री से मांग की है कि कन्या स्कूल मार्ग सहित पूरे नगर में लूज तारों और झुके पोलों का तत्काल सर्वे कर स्थायी सुधार किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बच्चे या राहगीर की जान खतरे में न पड़े।
Leave A Reviews