
मैहर। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत रीवा संभागायुक्त शैलेन्द्र सिंह और मैहर कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने शुक्रवार, 20 नवंबर को शासकीय हाई स्कूल पोड़ी का निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति और शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा की गई। कक्षा 8वीं में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति मिलने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई। वहीं, शैक्षणिक व्यवस्था में लापरवाही को लेकर प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी करने और हिंदी शिक्षक की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त शैलेन्द्र सिंह ने कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों से पाठ पढ़वाया और उनकी शैक्षणिक दक्षता का परीक्षण किया। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता में सुधार लाने के निर्देश दिए।
संभागायुक्त ने कहा कि कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उनके लिए विशेष कक्षाएं यानी रेमेडियल क्लास संचालित की जाएं। ऐसे विद्यार्थियों को अतिरिक्त समय देकर पढ़ाया जाए, ताकि वे विषयों को बेहतर तरीके से समझ सकें और पढ़ाई में सुधार कर सकें।
संभागायुक्त ने शिक्षण कार्य में सरल भाषा और स्थानीय बोली का उपयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों की समझ के अनुरूप सहज तरीके से पढ़ाया जाए, जिससे वे विषयों को आसानी से समझ सकें।
उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों की शैक्षणिक कमजोरियों पर विशेष ध्यान देने और उनकी जरूरत के अनुसार शिक्षण पद्धति अपनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कक्षा 8वीं में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति पाई गई। इस पर संभागायुक्त और कलेक्टर ने नाराजगी जताई। संभागायुक्त ने बीआरसी और विद्यालय के प्राचार्य को विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्कूल में शत-प्रतिशत उपस्थिति के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। नियमित उपस्थिति शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए जरूरी है और इसमें विद्यालय प्रबंधन तथा शिक्षकों की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है।
निरीक्षण के दौरान पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर संभागायुक्त ने शासकीय हाई स्कूल पोड़ी के प्राचार्य हरिशंकर पांडे को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
वहीं, विद्यालय में हिंदी विषय के शिक्षक दयानिधि नागर की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश भी दिए गए। संभागायुक्त ने विद्यालय की भोजनशाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप शिक्षा व्यवस्था में सुधार, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित किया जाए। इन कार्यों में लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Leave A Reviews