
उज्जैन। उन्हैल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नागझिरी में मारपीट के एक पुराने मामले के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर आरोपी के परिजनों ने अचानक लाठी, डंडों और पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक हमले में उपनिरीक्षक (SI) धारा सिंह चावड़ा सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। हमलावरों ने उग्र होकर सब-इंस्पेक्टर की वर्दी तक फाड़ दी और शासकीय कार्य में भारी बाधा उत्पन्न की।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शासकीय कार्य में बाधा, जानलेवा हमला और बलवा सहित अन्य गंभीर धाराओं में 7 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मौके से दो महिलाओं और एक पुरुष को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी सहित अन्य फरार लोगों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह विवाद गांव की कंचनबाई (पिता भावसिंह बंजारा) की एक शिकायत से शुरू हुआ था। करीब आठ दिन पूर्व कंचनबाई ने अपने पड़ोसी सरदार (पिता गब्बर बंजारा) के खिलाफ मारपीट और गाली-गलौज की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने सरदार को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था, लेकिन वह 8 दिन बीत जाने के बाद भी उपस्थित नहीं हुआ।
बुधवार दोपहर एसआई धारा सिंह चावड़ा पुलिस टीम के साथ शासकीय वाहन से आरोपी के खेत पर बने मकान पर पहुंचे। टीम में आरक्षक अखिलेश यादव, पंकज खरते, विक्रम राघव और महिला आरक्षक नेहा भालसे शामिल थीं।
थाना प्रभारी संतोष चौहान ने बताया कि पुलिस टीम के खेत पर पहुंचते ही आरोपी के परिजनों ने आक्रोशित होकर हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते उन्होंने पुलिसकर्मियों पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला बोल दिया। अचानक हुए इस पथराव व हमले में एसआई चावड़ा सहित चार पुलिसकर्मी चोटिल हो गए।
हमलावरों के तेवर इतने उग्र थे कि उन्होंने एसआई के साथ झूमाझटकी करते हुए उनकी वर्दी फाड़ दी। अतिरिक्त पुलिस बल के मौके पर पहुंचने से पहले हमलावर तितर-बितर हो गए, जिसके बाद घायल पुलिसकर्मियों को प्राथमिक उपचार दिलाया गया।
घटना के बाद पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार करते हुए 7 नामजद आरोपियों के विरुद्ध शासकीय कार्य में बाधा डालने, लोकसेवक पर हमला करने व मारपीट का आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है।
हिरासत में लिए गए तीन लोगों से पूछताछ की जा रही है, जबकि मुख्य आरोपी सरदार सहित सात अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर छापे मार रही हैं। वारदात के बाद गांव में उपजे तनाव और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल ने नागझिरी में फ्लैग मार्च निकाला और ग्रामीणों को कानून व्यवस्था हाथ में न लेने की सख्त चेतावनी दी।
Leave A Reviews