Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

सागर में सेवा हॉस्पिटल पर हंगामा: गर्भवती महिला की मौत, परिजनों ने लापरवाही का आरोप; डॉक्टर ने ‘गुटखा’ को बताया वजह


सागर: मध्यप्रदेश के सागर जिले के मकरोनिया क्षेत्र स्थित सेवा हॉस्पिटल में सोमवार रात एक 25 वर्षीय गर्भवती महिला की मौत के बाद जमकर बवाल हुआ। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस बल मौके पर पहुंचा और परिजनों को उचित जांच का आश्वासन देकर शांत कराया।

बाइक पर आई थी स्वस्थ, इलाज के दौरान तोड़ा दम प्राप्त जानकारी के अनुसार, रहली निवासी विद्या राय (25) करीब डेढ़ माह की गर्भवती थीं। पहले से तीन बच्चे होने के कारण वह चौथा बच्चा नहीं चाहती थीं, जिसके लिए उन्होंने गर्भपात संबंधी कुछ दवाइयां खाई थीं। इसके बाद पेट में दर्द होने पर परिजन उन्हें बाइक से सागर लाए। सोनोग्राफी रिपोर्ट में सफाई (D&C) की सलाह दी गई, जिसके बाद उन्हें सेवा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। मृतका के परिजन पुष्पेंद्र राय का आरोप है कि विद्या पूरी तरह स्वस्थ थीं और बाइक पर बैठकर रहली से सागर आई थीं, लेकिन अस्पताल में इलाज शुरू होते ही उनकी हालत बिगड़ी और मौत हो गई।

डॉक्टर की सफाई: 'गुटखा' खाने से बिगड़ी स्थिति परिजनों के आरोपों को सेवा हॉस्पिटल की डॉक्टर निधि मिश्रा ने पूरी तरह निराधार बताया है। डॉक्टर का तर्क है कि मरीज की स्थिति इलाज के दौरान नहीं, बल्कि उनकी कुछ आदतों के कारण बिगड़ी। डॉक्टर मिश्रा के अनुसार, मरीज गुटखा खाने की आदी थी, जिसके कारण उनके मुंह और स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ा था। उन्होंने दावा किया कि महिला को बचाने की हर संभव कोशिश की गई और हालत बिगड़ते देख उन्हें उच्च केंद्र (Higher Center) भेजने के लिए एंबुलेंस भी बुलाई गई थी, लेकिन उससे पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

पुलिस जांच और कार्रवाई का आश्वासन हंगामे की सूचना मिलते ही मकरोनिया थाना पुलिस ने मोर्चा संभाला। पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया गया है और यदि मेडिकल लापरवाही के प्रमाण मिलते हैं, तो संबंधितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share:

Leave A Reviews

Related News