छिंदवाड़ा । में स्थित Lenskart शोरूम में एक कथित ड्रेस कोड विवाद ने तूल पकड़ लिया है। कर्मचारियों को तिलक लगाने और कलावा पहनने से रोकने की खबर सामने आने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
सोमवार को बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता शोरूम पहुंचे और अंदर प्रवेश कर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक विरोध करते हुए वहां मौजूद कर्मचारियों को तिलक लगाया और उनके हाथों में कलावा बांधा। इस दौरान शोरूम के अंदर और बाहर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि कंपनी के शीर्ष प्रबंधन की ओर से कथित रूप से कर्मचारियों को धार्मिक प्रतीकों—जैसे तिलक, कलावा, बिंदी और सिंदूर—न पहनने के निर्देश दिए गए थे। इस सूचना के सामने आते ही बजरंग दल ने इसे हिंदू परंपराओं पर हमला बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया।
जिला संयोजक नरेंद्र पटेल के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने कंपनी को चेतावनी दी कि यदि इस तरह की नीति को वापस नहीं लिया गया, तो व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यावसायिक संस्था को स्थानीय संस्कृति और धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना चाहिए।
विरोध के दौरान प्रशांत साहू, आकाश बेस, गणेश भाई, श्याम पटेल और अनुज राजपूत सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। संगठन ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में किसी भी निजी संस्था द्वारा कर्मचारियों की धार्मिक स्वतंत्रता में हस्तक्षेप किया गया, तो उसका विरोध और तेज किया जाएगा।
हालांकि, इस मामले में कंपनी की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रशासन की स्थिति पर भी नजर बनी हुई है।
Leave A Reviews