
विदिशा. मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया. रायसेन से विदिशा आ रही बारातियों से भरी एक तेज रफ्तार टवेरा कार अनियंत्रित होकर 30 फीट गहरे सूखे तालाब में जा गिरी. इस दर्दनाक हादसे में ड्राइवर समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य बाराती गंभीर रूप से घायल हैं.
रास्ता भटकना बना काल
हादसे का शिकार हुए युवक ने बताया कि बारात रायसेन के ऊसर मेटा गांव से विदिशा के जाफरखेड़ी जा रही थी. मंजिल से महज एक किलोमीटर पहले बाराती रास्ता भटक गए. अंधेरा होने के कारण ड्राइवर को सड़क खत्म होने का अंदाजा नहीं लगा और तेज रफ्तार कार सीधे गहरे तालाब में जा गिरी. ग्रामीणों ने चीख-पुकार सुनकर बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया.
हताहतों का विवरण:
मृतक: राजेश लोधी (35), सोनू लोधी (30 - ड्राइवर) और चंद्रशेखर (35).
गंभीर घायल: 10 वर्षीय ऋतुराज और 45 वर्षीय भावसिंह समेत तीन लोगों की हालत नाजुक होने पर उन्हें भोपाल रेफर किया गया है.
अन्य घायल: राज बोधी (14), अशोक, बृजेश और सुदीप लोधी का इलाज जिला अस्पताल में जारी है.
Leave A Reviews