
तेंदूखेड़ा, देशबंधु। तेंदूखेड़ा सहायक वन परिक्षेत्र की जामपानी, आलनपुर, महुआखेड़ा, ब्रम्हनी और रमपुरा बीट में कथित अवैध कटाई और लकड़ी परिवहन की शिकायतें सामने आ रही हैं। आरोप है कि पेड़ों की कटाई के बाद गीली लकड़ी सीधे फर्नीचर मार्टों तक पहुंचाई जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक जंगल से लकड़ी मोटरसाइकिल, बैलगाड़ी और अन्य वाहनों से बाहर निकाली जाती है तथा रात में भी कथित परिवहन होता है। शिकायतों के बीच सवाल उठ रहा है कि यदि जंगल से लकड़ी लगातार बाहर निकल रही है तो वन विभाग की गश्त और निगरानी व्यवस्था कितनी प्रभावी है।
कटे पेड़ से लकड़ी के अंतिम ठिकाने तक पहुंचे जांच- ग्रामीणों का कहना है कि कार्रवाई केवल रास्ते में लकड़ी या वाहन पकड़ने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। जांच यह भी होनी चाहिए कि पेड़ किस वन क्षेत्र में काटे गए, लकड़ी किसने निकाली, किसके जरिए परिवहन हुआ और उसका अंतिम गंतव्य क्या था। स्थानीय स्तर पर यह आरोप भी सामने आया है कि जंगल से कथित रूप से निकली लकड़ी कुछ फर्नीचर मार्टों या लकड़ी कारोबारियों तक पहुंच सकती है।
रिकॉर्ड और स्टॉक के मिलान से साफ होगी तस्वीर- ग्रामीणों ने संबंधित फर्नीचर मार्ट और लकड़ी कारोबारियों के खरीद-बिक्री रिकॉर्ड, परिवहन दस्तावेज और स्टॉक का भौतिक सत्यापन कराने की मांग की है। दस्तावेजों का मौके पर उपलब्ध लकड़ी से मिलान होने पर आरोपों की वास्तविकता सामने आ सकती है। यदि जांच में जंगल से बाजार तक लकड़ी पहुंचने की पुष्टि होती है तो कार्रवाई केवल परिवहनकर्ता तक सीमित रखने के बजाय पूरी कड़ी की पड़ताल जरूरी होगी।
वन भूमि पर अवैध कब्जे के आरोपों की जांच- ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ स्थानों पर वन भूमि पर कथित रूप से अवैध कब्जा कर खेती की जा रही है। मांग है कि संबंधित क्षेत्रों का भौतिक सत्यापन और सीमांकन कराया जाए तथा रिकॉर्ड में दर्ज बीटवार क्षेत्रफल का मौके की स्थिति से मिलान किया जाए। वन एवं राजस्व रिकॉर्ड की जांच कर अतिक्रमण की पुष्टि होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
लाइसेंसधारी फर्नीचर मार्टों की सूची सार्वजनिक करने की मांग- नागरिकों ने तेंदूखेड़ा क्षेत्र में संचालित लाइसेंसधारी फर्नीचर मार्ट और लकड़ी कारोबारियों की सूची सार्वजनिक करने की मांग की है। उनका कहना है कि सूची और खरीद-बिक्री रिकॉर्ड सामने आने से वैध-अवैध लकड़ी कारोबार की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
निगरानी की कमजोरी या मिलीभगत- ग्रामीणों का सवाल है कि शिकायतों के बावजूद यदि जंगल से लकड़ी बाहर निकल रही है तो जिम्मेदार अमले की नजर क्यों नहीं पड़ रही। बीट स्तर पर गश्त कितनी नियमित है, निरीक्षण के क्या रिकॉर्ड हैं और पूर्व शिकायतों पर क्या कार्रवाई हुई—इन सवालों का जवाब भी जांच में मिलना चाहिए। फिलहाल यह स्पष्ट होना बाकी है कि मामला निगरानी की कमजोरी का है या इसके पीछे किसी स्तर पर मिलीभगत है। वन क्षेत्रों का औचक निरीक्षण, कारोबारियों के दस्तावेजों की जांच और परिवहन रिकॉर्ड का मिलान ही स्थिति स्पष्ट कर सकता है।
इनका कहना है- सूचना मिलने पर सर्च वारंट जारी कर कुछ फर्नीचर मार्टों में कार्रवाई की गई है। गोपनीय सूचना के आधार पर आरा-चिरान मशीन सहित कुछ मशीनें जब्त की गई हैं। वन भूमि पर कब्जे को लेकर रेंज कार्यालयों में सूची तैयार की जा रही है। जांच के बाद चिन्हित अतिक्रमण को टास्क फोर्स के माध्यम से हटाने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अवैध रूप से लकड़ी का कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
मुकेश केन, उप वनमंडलाधिकारी बरमान
Leave A Reviews