
मऊगंज. शाहपुर थाना क्षेत्र के भलुहा गांव में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया, जहां आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान 42 वर्षीय मनराजू प्रजापति, पत्नी रामावतार प्रजापति के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मनराजू प्रजापति सुबह घर से खेत में गेहूं की फसल काटने गई थीं। इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खेतों में काम न करने और सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है।
Leave A Reviews