
नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र में एक 25 वर्षीय महिला का शव कुएं में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना खमरिया गांव में पावर हाउस के पास एक खेत में स्थित कुएं में सामने आई।
मृतका की पहचान गुड्डी बाई लोहापीट, निवासी वार्ड क्रमांक 1 तेंदूखेड़ा के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने कुएं में शव उतराता देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, गुड्डी बाई की शादी करीब पांच साल पहले हुई थी, लेकिन शादी के बाद से ही उसका पति उसे प्रताड़ित करता था। बाद में वह अपने छोटे बच्चे के साथ मायके आकर रहने लगी थी।
मृतका की मां कमला ने आरोप लगाया कि पति की मारपीट और प्रताड़ना से परेशान होकर ही उनकी बेटी ने यह कदम उठाया। उन्होंने बताया कि गुड्डी कुछ दिनों से लापता थी और उसकी तलाश की जा रही थी।
वहीं, पुलिस के अनुसार पिछले दो-तीन दिनों से महिला का परिवार में विवाद चल रहा था और उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं बताई जा रही है।
तेंदूखेड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
Leave A Reviews