Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

शहडोल में एक घंटे में तीन सड़क हादसों में 5 घायल

शहडोल जिले के पिपरिया-जयसिंहनगर मार्ग पर बुधवार की सुबह हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सुबह 10 से 11 बजे के बीच हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में कुल 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इन हादसों में एक महिला का हाथ बस की चपेट में आने से बुरी तरह कुचल गया है। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों का मानना है कि निर्माणाधीन सड़क पर उड़ती धूल और निजी बसों की अनियंत्रित रफ्तार इन दुर्घटनाओं की मुख्य वजह बनी हुई है। पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है और फरार वाहन चालकों की तलाश जारी है।

बस की टक्कर से कार सवार तीन बाराती हुए घायल

पहली दुर्घटना गोहपारू थाना अंतर्गत सेमरा सिद्ध बाबा के समीप हुई। शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे राकेश जायसवाल की कार (MP17ZD7948) को सामने से आ रही दीपक ट्रेवल्स की तेज रफ्तार बस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में राकेश जायसवाल और उनके परिवार के दो अन्य सदस्य घायल हो गए। राकेश की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

खिड़की से बाहर हाथ निकालना महिला को पड़ा भारी

दूसरी हृदयविदारक घटना गोहपारू के बरहा गांव के पास घटित हुई। नफीस कंपनी की बस में सवार रेशमा खैरवार नामक महिला गर्मी के कारण अपना हाथ खिड़की से बाहर निकालकर बैठी थी। इसी दौरान सामने से आ रही एक दूसरी बस ने रेशमा की बस को रगड़ मार दी, जिससे महिला का हाथ दोनों बसों के बीच फंसकर चकनाचूर हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और दोनों बसों के चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल रेशमा को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया है, जहां डॉक्टर उनका हाथ बचाने का प्रयास कर रहे हैं।

धूल और अधूरी सड़क बनी काल का कारण

क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि पिपरिया से जयसिंहनगर के बीच सड़क का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है। सड़क पर भारी मात्रा में धूल उड़ती है, जिससे वाहन चालकों को सामने से आ रहे वाहन स्पष्ट दिखाई नहीं देते। दृश्यता कम होने और बस चालकों की लापरवाही भरी ड्राइविंग के कारण इस मार्ग पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। गोहपारू थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने तीनों हादसों के संबंध में मर्ग कायम कर लिया है और क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर फरार चालकों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share:

Leave A Reviews

Related News