Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

उमरिया में भालू के हमले से 65 वर्षीय बुजुर्ग घायल, वन विभाग ने अलर्ट जारी किया

उमरिया। मध्य प्रदेश के रायपुर क्षेत्र में शुक्रवार को बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से सटे इलाके में भालू के हमले में 65 वर्षीय कमल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल ग्रामीण को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद वन विभाग ने आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, कुम्हर्रा निवासी कमल सिंह रायपुर गांव से गेहूं पिसवाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान राजस्व क्षेत्र ‘महुआ हार’ के पास उनका सामना दो भालुओं से हुआ। एक भालू ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी जांघ पर गंभीर चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलते ही बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के अधिकारी और टीम जिला अस्पताल पहुंचे और घायल का हाल जाना। अस्पताल में पीड़ित के इलाज की समुचित व्यवस्था की गई है, और टाइगर रिजर्व का एक कर्मचारी भी वहां तैनात किया गया है ताकि परिवार को किसी तरह की परेशानी न हो।

भालू के हमले की खबर से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। वन विभाग ने रायपुर और आसपास के गांवों में गश्त बढ़ा दी है और ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल या उससे सटे क्षेत्रों में अकेले न जाएँ और खेतों या सुनसान रास्तों पर समूह में ही निकलें। विभाग की टीम क्षेत्र में भालुओं की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है।

Share:

Leave A Reviews

Related News