
तेंदूखेड़ा, देशबंधु। तेंदूखेड़ा सहायक वन परिक्षेत्र के अंतर्गत जामपानी, आलनपुर, महुआखेड़ा, ब्रम्हनी और रमपुरा सहित पांच बीट आते हैं। क्षेत्र में कथित अवैध लकड़ी कटाई और परिवहन की लगातार शिकायतों के बाद वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वन क्षेत्रों से पेड़ों की कटाई के बाद लकड़ी को मोटरसाइकिल, बैलगाड़ी और अन्य वाहनों से परिवहन किया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, विशेषकर रात के समय लकड़ी के कथित परिवहन की गतिविधियां होती हैं। उनका कहना है कि शिकायतों के बावजूद अवैध कटाई और परिवहन पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। कटाई के स्रोत और लकड़ी के गंतव्य की जांच की मांग- ग्रामीणों का कहना है कि यदि वन क्षेत्र से लगातार अवैध लकड़ी परिवहन की शिकायतें मिल रही हैं, तो जंगलों में पेड़ों की कटाई के स्रोत और इसमें शामिल लोगों की भी जांच होनी चाहिए। साथ ही यह पता लगाया जाना चाहिए कि कथित रूप से काटी गई लकड़ी आखिर किन लोगों तक पहुंच रही है और उसका उपयोग कौन कौन कर रहा है।
फर्नीचर मार्ट तक लकड़ी पहुंचने के आरोप- तेंदूखेड़ा क्षेत्र में लाइसेंसधारी फर्नीचर मार्ट और लकड़ी कारोबारियों के प्रतिष्ठान संचालित हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि कुछ प्रतिष्ठानों तक जंगलों से कथित रूप से काटकर लाई गई लकड़ी पहुंच सकती है। हालांकि प्रतिष्ठानों के पास वैध स्रोत अथवा अधिकृत डिपो से लकड़ी खरीदने की व्यवस्था भी होती है।
ऐसे में ग्रामीणों ने संबंधित प्रतिष्ठानों में खरीदी गई लकड़ी और उसके विक्रय अथवा उपयोग का मिलान करने की मांग की है, ताकि लकड़ी के स्रोत की स्थिति स्पष्ट हो सके। नियमित जांच और रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग- ग्रामीणों ने संभावित कटाई वाले वन क्षेत्रों के निरीक्षण के साथ फर्नीचर मार्ट और लकड़ी कारोबारियों के दस्तावेजों का भी सत्यापन कराने की मांग की है।
उनका कहना है कि लकड़ी की खरीद और बिक्री का रिकॉर्ड मिलान कर समय-समय पर जांच की जाए तथा नियमानुसार जांच के निष्कर्ष सार्वजनिक किए जाएं। ग्रामीणों के अनुसार, यदि परिवहन के दौरान लकड़ी पकड़ी जाती है तो जांच केवल परिवहन तक सीमित न रहकर लकड़ी के स्रोत और अंतिम उपयोग तक पहुंचनी चाहिए।
यदि आरोप जांच में सही पाए जाते हैं तो मामला केवल अवैध लकड़ी परिवहन तक सीमित न रहकर वन संरक्षण और विभागीय निगरानी से जुड़ा गंभीर विषय है।
इनका कहना है- क्षेत्र में लगातार सतत निगरानी की जा रही है। वन क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों अथवा अवैध लकड़ी कटाई एवं परिवहन की जानकारी मिलने पर विभाग द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की जाती है।
संजय तिवारी, सहायक वन परिक्षेत्र अधिकारी, तेंदूखेड़ा
Leave A Reviews