
अनूपपुर। जिले के मौहरी गांव में बुधवार को एक दुखद घटना सामने आई है, जहाँ 16 वर्षीय एक नाबालिग छात्रा का शव उसके खेत में बने घर में फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान लक्ष्मी कोल (पिता जीवन कोल) के रूप में हुई है। लक्ष्मी नौवीं कक्षा की छात्रा थी और उसकी इस अचानक मौत से पूरे गांव में मातम छा गया है।
भाई ने देखा हृदयविदारक मंजर यह घटना बुधवार दोपहर की है। जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी का बड़ा भाई मजदूरी करने गया था। जब वह दोपहर में भोजन के लिए खेत वाले घर पहुँचा, तो उसने देखा कि घर के एक दरवाजे पर ताला लटका है और दूसरा दरवाजा अंदर से बंद है। संदेह होने पर जब उसने खिड़की या झरोखे से अंदर झाँका, तो उसके होश उड़ गए। उसकी छोटी बहन दुपट्टे के फंदे पर झूल रही थी। भाई की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
घटना के समय घर पर कोई नहीं था परिजनों के अनुसार, घर में लक्ष्मी अकेली थी। उसकी माँ एक रिश्तेदार के घर गई हुई थी, जबकि पिता किसी निजी काम से राजेंद्रग्राम गए थे। भाई मजदूरी पर था, जिसका फायदा उठाकर छात्रा ने यह आत्मघाती कदम उठाया। पिता और माँ को घटना की जानकारी दे दी गई है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और शव को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है, हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने बताया कि शाम होने और रोशनी कम होने की वजह से शव का पोस्टमार्टम बुधवार को नहीं हो सका, जो अब गुरुवार को जिला अस्पताल में किया जाएगा। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
Leave A Reviews