Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

अनूपपुर: बोलेरो और बाइक में भीषण टक्कर, 28 वर्षीय युवक की मौके पर मौत

अनूपपुर जिले के राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधवार की दोपहर एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। लांघाटोला गांव के पास एक तेज रफ्तार बोलेरो और मोटरसाइकिल के बीच हुई सीधी भिड़ंत में 28 वर्षीय एक युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है।

काम पर जाते समय काल का ग्रास बना युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान पठैती राजेंद्रग्राम निवासी जागेश्वर गोंड (पिता सहर्ष सिंह) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि जागेश्वर बुधवार दोपहर अपने घर से काम के सिलसिले में कोतमा जाने के लिए निकला था। जैसे ही वह लांघाटोला गांव के करीब पहुंचा, विपरीत दिशा से आ रही अनियंत्रित बोलेरो ने उसकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भिड़ंत के बाद जागेश्वर बाइक से उछलकर बोलेरो के पीछे के हिस्से में जा गिरा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

बोलेरो जब्त, पुलिस ने शुरू की फरार चालक की तलाश

हादसे की जानकारी मिलते ही राजेंद्रग्राम थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बोलेरो वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है। बोलेरो का अगला हिस्सा और सामने का कांच पूरी तरह चकनाचूर हो गया है, जो दुर्घटना की भयावहता को बयां कर रहा है। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया, जिसके बाद पार्थिव देह परिजनों को सौंप दी गई। पुलिस ने अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ मर्ग कायम कर मामला दर्ज कर लिया है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज व वाहन के नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।

Share:

Leave A Reviews

Related News