
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में पुलिस मुख्यालय (PHQ) में तैनात एक सहायक उप-निरीक्षक (ASI) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 34 वर्षीय सतेंद्र वर्मा का शव उनके किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उन्होंने अपनी मानसिक स्थिति का जिक्र किया है। वहीं, मृतक की मां ने एक युवती और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले को नया मोड़ दे दिया है।
अहिमामऊ स्थित सुशांत गोल्फ सिटी में रहने वाले सतेंद्र वर्मा ने सुसाइड नोट में अपनी मौत के लिए किसी व्यक्ति को सीधे तौर पर जिम्मेदार नहीं ठहराया है। उन्होंने लिखा, "मैं साल 2014 में भी बहुत परेशान था, जिसकी जानकारी मेरे परिवार को है। उस वक्त मैंने जान देने के बारे में नहीं सोचा था, लेकिन अब मेरी जीने की इच्छा पूरी तरह खत्म हो चुकी है।" पुलिस नोट की हैंडराइटिंग की जांच कर रही है ताकि इसकी प्रमाणिकता स्पष्ट हो सके।
भले ही सुसाइड नोट में सतेंद्र ने किसी को नामजद न किया हो, लेकिन उनकी मां ने पुलिस को दी तहरीर में सनसनीखेज खुलासे किए हैं। मां के मुताबिक, लगभग डेढ़ साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए सतेंद्र की मुलाकात वैदिका मिश्रा नाम की युवती से हुई थी। दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी, लेकिन युवती के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे।
आरोप है कि रिश्ता टूटने के बाद युवती और उसके पिता-भाई सतेंद्र को जान से मारने की धमकी दे रहे थे और पैसों की मोटी डिमांड कर रहे थे। मां का कहना है कि इसी मानसिक प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग से तंग आकर उनके बेटे ने आत्मघाती कदम उठाया।
सुशांत गोल्फ सिटी थाना इंस्पेक्टर के अनुसार, मृतक की मां की शिकायत के आधार पर संबंधित युवती और उसके परिजनों के खिलाफ 'आत्महत्या के लिए उकसाने' (Abetment of Suicide) की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने सतेंद्र का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल्स (CDR) व इंस्टाग्राम चैट्स खंगाली जा रही हैं ताकि ब्लैकमेलिंग के दावों की पुष्टि हो सके।
Leave A Reviews