
बालाघाट: जिला मुख्यालय से सटी ग्राम पंचायत कोसमी में शुक्रवार को प्रशासन की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह की कोशिश की। आबादी भूमि पर अवैध निर्माण हटाने पहुंची राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम के सामने अतिक्रमणकारी मुकेश माहुले ने यह आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया और उसे आग लगाने से पहले ही सुरक्षित बचा लिया। इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद प्रशासन ने जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण को जमींदोज कर दिया।
एसडीएम कोर्ट से अपील खारिज होने के बाद हुई कार्रवाई तहसीलदार सुनील वर्मा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह पूरी कार्रवाई नियमानुसार और अदालती आदेशों के पालन में की गई है। दरअसल, तहसील न्यायालय द्वारा अतिक्रमण हटाने के आदेश के खिलाफ मुकेश माहुले ने एसडीएम कोर्ट में अपील की थी। शुक्रवार को एसडीएम कोर्ट से अपील खारिज होने के बाद राजस्व और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी। प्रशासन का कहना है कि जिस भूमि पर भवन और बाउंड्रीवाल का निर्माण किया गया था, वह रिकॉर्ड में आबादी भूमि दर्ज है और उस पर किया गया कब्जा पूरी तरह अवैध था।
जनसुनवाई में शिकायत से शुरू हुआ था विवाद अतिक्रमण हटाने की यह प्रक्रिया एक शिकायत के बाद शुरू हुई थी। कोसमी निवासी इमलाबाई निकोसे और उनके पुत्र विकास निकोसे ने जिला प्रशासन की जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि मुकेश माहुले द्वारा रास्ते की जमीन पर कब्जा कर निर्माण किए जाने से उनके घर का आवागमन पूरी तरह बाधित हो रहा है। इस शिकायत की जांच और तहसील न्यायालय में चली लंबी सुनवाई के बाद अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया गया था।
पीढ़ियों पुराने कब्जे का दावा, प्रशासन पर लगाए आरोप दूसरी ओर, कार्रवाई से प्रभावित मुकेश माहुले ने प्रशासन पर एकतरफा कार्रवाई करने का गंभीर आरोप लगाया है। मुकेश का दावा है कि यह जमीन उनके मामा डाली दमाहे के समय से, यानी कई पीढ़ियों से उनके परिवार के कब्जे में है। उन्होंने बताया कि मामा की हत्या हो जाने के बाद से वे ही इस स्थान की देखरेख और वहां निवास कर रहे थे। मुकेश के अनुसार, प्रशासन ने उनके पक्ष को सही तरीके से नहीं सुना। फिलहाल, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासन ने निर्माण कार्य हटाकर जमीन को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कर दिया है।
Leave A Reviews