Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

झाँसी में सट्टे के 'सिंडिकेट' का महाखुलासा: 100 करोड़ के ऑनलाइन सट्टे में BJP नेता आशीष उपाध्याय गिरफ्तार, 2027 चुनाव की कर रहा था तैयारी


झाँसी। उत्तर प्रदेश की झाँसी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 100 करोड़ रुपये के ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट मामले में भाजपा नेता आशिष उपाध्याय को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी झाँसी पुलिस की एसओजी (SOG) और सर्विलांस टीम के एक संयुक्त ऑपरेशन के बाद हुई। आशीष उपाध्याय पर आरोप है कि वह इस बड़े सट्टेबाजी नेटवर्क का मुख्य हिस्सा था और सट्टे की कमाई से साल 2027 के विधानसभा चुनाव की जमीन तैयार कर रहा था।

ऐसे बिछाया गया गिरफ्तारी का जाल

नवाबाद पुलिस ने हाल ही में सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए शुभम उपाध्याय, विजय बाधवा और नितिन अग्रवाल को गिरफ्तार किया था। इन आरोपियों से हुई कड़ी पूछताछ में भाजपा नेता आशीष उपाध्याय सहित पार्षद पति पप्पू पंकज राय और सौरभ लिखधारी के नामों का खुलासा हुआ। नाम सामने आते ही आशीष उपाध्याय फरार हो गया था। पुलिस ने उसके मोबाइल नंबरों को ट्रैक किया, जिससे उसकी लोकेशन दिल्ली में मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे देर रात धर दबोचा।

लोकसभा चुनाव 2024 में हुआ करोड़ों का लेनदेन

पुलिस की जांच में चौंकाने वाले वित्तीय आंकड़े सामने आए हैं। मुख्य आरोपी शुभम उपाध्याय और भाजपा नेता आशीष उपाध्याय के बीच बैंक खातों के जरिए भारी लेनदेन पाया गया है। पुलिस के अनुसार, साल 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान यह नेटवर्क सबसे ज्यादा सक्रिय था। जांच में एक ही दिन के भीतर 14 लाख रुपये तक के लेनदेन के सबूत मिले हैं। पुलिस अब आशीष के बैंक स्टेटमेंट और कॉल डिटेल्स के जरिए नेटवर्क से जुड़े अन्य बड़े सफेदपोशों की कुंडली खंगाल रही है।

7 आरोपी अब भी फरार, पुलिस की छापेमारी जारी

झाँसी पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के तार बहुत गहरे जुड़े हुए हैं। आशीष की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस को अन्य 7 फरार आरोपियों की तलाश है। बताया जा रहा है कि इस सिंडिकेट के जरिए न केवल क्रिकेट मैचों पर बल्कि अन्य गतिविधियों पर भी ऑनलाइन दांव लगवाए जाते थे। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों को भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Share:

Leave A Reviews

Related News