
छतरपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने मामूली विवाद में अपने ही पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना ईशानगर थाना क्षेत्र के पनोठा गांव की है, जिससे पूरे इलाके में सन्नाटा और मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, 65 वर्षीय किसान पंचू कुशवाहा अपने खेत में लहसुन निकाल रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अपने बेटे रामकृपाल उर्फ गुल्लू से काम में हाथ बंटाने को कहा। इस बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी बेटा नशे की हालत में था और गुस्से में आकर उसने पिता पर डंडों से हमला कर दिया।
हमला इतना गंभीर था कि पंचू कुशवाहा की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही ईशानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
एएसपी आदित्य पटले ने बताया कि पारिवारिक विवाद के चलते यह घटना हुई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।
Leave A Reviews