
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल और इंदौर में सोमवार, 23 नवंबर को बड़े पैमाने पर बुलडोजर कार्रवाई की गई। भोपाल के ऐशबाग स्थित 35 साल पुराने जनता क्वार्टर में 9 घंटे तक चली कार्रवाई में 600 में से 599 मकान ढहा दिए गए। वहीं, इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक बुलडोजर चलाकर 62 में से 42 मकान तोड़े गए। कार्रवाई के दौरान दोनों शहरों में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
भोपाल में एक मकान को दो दिन की राहत दी गई है। वहीं, इंदौर में हाईकोर्ट से 19 रहवासियों को अंतरिम राहत मिलने के कारण फिलहाल उन्हें बेदखल नहीं किया जा सकता। कृष्णबाग कॉलोनी स्थित कालका माता मंदिर को लेकर हुए विरोध के बाद उसे तोड़ने की कार्रवाई भी टाल दी गई।
ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर में सोमवार सुबह 6 बजे से मकान तोड़ने की कार्रवाई शुरू हुई। नगर निगम और हाउसिंग बोर्ड की टीम ने जेसीबी और पोकलेन मशीनों की मदद से मकानों को ध्वस्त किया। दोपहर 3 बजे तक 600 में से 599 मकान गिरा दिए गए। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और इलाके में बैरिकेडिंग कर रास्ते बंद किए गए।
नगर निगम ने मई 2016 में जनता क्वार्टर के करीब 600 भवनों को जर्जर और खतरनाक घोषित किया था। इसके बाद 2018 में भी नोटिस जारी किए गए, लेकिन मकान खाली नहीं हुए। हाउसिंग बोर्ड ने अंतिम नोटिस देकर 13 नवंबर तक रहवासियों को सामान हटाने और मकान खाली करने के लिए कहा था।
14 नवंबर को प्रस्तावित कार्रवाई विरोध और पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध नहीं होने के कारण टाल दी गई थी। विरोध के दौरान तीन महिलाओं की तबीयत बिगड़ गई थी, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। सोमवार को पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था के बाद कार्रवाई पूरी की गई।
हाउसिंग बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जनता क्वार्टर के वैध आवंटियों को आवास खाली करने के बाद नियमानुसार कलेक्टर गाइडलाइन के आधार पर मासिक किराया दिया जाएगा। यह राशि निर्माण अवधि के दौरान उनके खातों में भेजी जाएगी। वहीं, अवैध रूप से रह रहे लोगों को मुआवजा या किराये का लाभ नहीं मिलेगा।
मध्यप्रदेश पुनर्विकास नीति-2022 के तहत ऐशबाग की इस जमीन पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त बहुमंजिला आवासीय परिसर तैयार करने की योजना है। योजना के अनुसार, वैध आवंटियों को मौजूदा मकान से 20 प्रतिशत बड़े नए फ्लैट दिए जाएंगे।
क्वार्टर नंबर 465 के आवंटी मोहम्मद हफीज खान को जबलपुर हाईकोर्ट से दो दिन की राहत मिली है। अदालत ने सभी क्वार्टरों के ध्वस्तीकरण पर रोक लगाने से इनकार किया, लेकिन इस मकान को दो दिन बाद तोड़ने का निर्देश दिया। इसका सामान सोमवार को ही बाहर निकालने की बात कही गई। याचिकाकर्ता और हाउसिंग बोर्ड के अधिकारी कलेक्टर के साथ बैठक कर किराये की राशि तय करेंगे और बुधवार को हाईकोर्ट को इसकी जानकारी देंगे।
मकान टूटने के बाद कई परिवारों के सामने रहने की जगह का संकट खड़ा हो गया है। रहवासी रुख्सार ने बताया कि मकान तोड़ने से पहले उन्हें घर मिलने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें आवास मिलेगा या नहीं। उन्होंने बताया कि घर का सामान गाड़ी में रखा है और परिवार को समझ नहीं आ रहा कि कहां जाएं।
बुजुर्ग छोटे अरमान ने बताया कि मकान टूटने के बाद उनके परिवार ने रात फुटपाथ पर गुजारी। उन्होंने विस्थापित परिवारों को कम से कम किराया देने की मांग की। वहीं, बानो बी ने कहा कि उन्हें सरकार से कुछ नहीं चाहिए, सिर्फ रहने के लिए घर दे दिया जाए।
रहवासी आशिक मियां ने बताया कि वे ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। मकान टूटने के बाद सामान परिचित के यहां रखा है। ऐसे में 4 से 5 हजार रुपये महीने का किराया देना उनके लिए मुश्किल है।
कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला को भी कार्रवाई के दौरान सुबह करीब 8 बजे उनके घर में ही रोक लिया गया। बाद में उन्हें अशोका गार्डन थाने में बैठाया गया। उन्होंने बिना वैकल्पिक आवास दिए लोगों के मकान तोड़ने को गलत बताया।
इंदौर के एमआर-10 स्थित कृष्णबाग कॉलोनी में सोमवार सुबह 7 बजे से बुलडोजर कार्रवाई शुरू हुई। यहां 62 मकानों को हटाने की कार्रवाई प्रस्तावित थी। दोपहर 3 बजे तक 42 मकान तोड़े गए। कार्रवाई के लिए करीब 600 कर्मचारियों और 12 पोकलेन मशीनों की मदद ली गई। इनमें से दो मशीनें खराब हो गईं।
कॉलोनी की जमीन को लेकर श्रीराम बिल्डर्स और रहवासियों के बीच वर्ष 2003 से विवाद चल रहा है। ग्राम खजराना के सर्वे नंबर 66/2(क) की 0.720 हेक्टेयर जमीन का मामला तहसीलदार से होते हुए हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है।
इससे पहले 16-17 नवंबर और फिर 18-19 नवंबर को पुलिस बल की कमी के कारण कार्रवाई टालनी पड़ी थी। सोमवार को प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
कृष्णबाग कॉलोनी के मामले में शुक्रवार को हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने जगदीश कुमावत सहित 19 रहवासियों को अंतरिम राहत दी थी। अदालत के आदेश के अनुसार, फिलहाल इन लोगों को बेदखल नहीं किया जा सकता। बाकी मकानों को लेकर कार्रवाई के आदेश प्रभावी रहे।
कार्रवाई के दौरान मलबे में भगवान की एक मूर्ति भी मिली, जिसे नगर निगम कर्मचारियों ने बाहर निकालकर सुरक्षित रख दिया।
कृष्णबाग कॉलोनी स्थित कालका माता मंदिर को तोड़ने की तैयारी भी की गई थी। मंदिर प्रबंधन को परिसर खाली करने के लिए एक घंटे का समय दिया गया। एसडीएम घनश्याम धंगर आदेश लेकर मौके पर पहुंचे, लेकिन स्थानीय लोगों के विरोध और भीड़ को देखते हुए वहां से लौट गए। इसके बाद मंदिर तोड़ने की कार्रवाई फिलहाल टाल दी गई।
मंदिर के पुजारी ने इसे करीब 5 हजार लोगों की आस्था का केंद्र बताया और लोगों से मंदिर व उसकी भूमि की रक्षा करने की अपील की।
कृष्णबाग कॉलोनी में धरने पर बैठे रहवासी राजेश बैरागी ने बताया कि वे करीब 20 साल से यहां रह रहे थे और वर्ष 2000 से संपत्ति कर जमा कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कई लोगों के पास मकान की रजिस्ट्री भी है। इसके बावजूद उन्हें घरों से बाहर कर दिया गया।
राजेश के आरोप के मुताबिक, वे अपनी शिकायत लेकर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के पास गए थे, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने पार्षद और विधायक से भी मदद मांगी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे लोगों को थाने में बैठाए जाने का भी उन्होंने आरोप लगाया।
इंदौर कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष राहुल धाकड़े ने कहा कि जिन लोगों ने यहां मकान खरीदे, उन्हें जमीन के विवाद की जानकारी नहीं थी। उन्होंने प्रभावित परिवारों के साथ खड़े रहने की बात कही।
Leave A Reviews