Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

छतरपुर: दिनदहाड़े कट्टे की नोक पर गल्ला व्यापारियों से 3 लाख की लूट, बदमाशों ने व्यापारी को लहूलुहान कर महोबा रोड पर मचाया तांडव

छतरपुर जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र में बुधवार की दोपहर बेखौफ बदमाशों ने कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। महोबा रोड पर बाइक सवार तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने कट्टे की नोक पर दो गल्ला व्यापारियों को रोककर उनसे लगभग 3 लाख रुपये नकद लूट लिए। इस दौरान विरोध करने पर बदमाशों ने व्यापारियों के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिसमें एक व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया है।

महोबा मंडी से लौटते वक्त हुआ हमला

जानकारी के अनुसार, बारीगढ़ निवासी व्यापारी उमेश शिवहरे और इलू गुप्ता महोबा मंडी में अपना माल बेचकर नकदी लेकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक महोबा रोड स्थित इटवा तिगैला से करीब 250 मीटर आगे पहुँची, घात लगाए बैठे तीन बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। बदमाशों ने तुरंत कट्टा तान दिया और रुपयों से भरा बैग छीनने की कोशिश की।

व्यापारी के साथ बेरहमी से मारपीट, हालत गंभीर

लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने उमेश शिवहरे के साथ जमकर मारपीट की, जिससे उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। बदमाश कट्टे की नोक पर करीब 3 लाख रुपये लूटकर मौके से फरार हो गए। घायल व्यापारी को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल लवकुशनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।

पुलिस की घेराबंदी और सीसीटीवी की जांच

दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलते ही लवकुशनगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँची। पुलिस ने तत्काल जिले के सीमावर्ती इलाकों में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है, उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

Share:

Leave A Reviews

Related News