
छतरपुर जिले अंतर्गत ग्राम बंसिया के एक ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में हुए एक हृदयविदारक सड़क हादसे में मां, बेटे और मौसी सहित परिवार के तीन सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। यह भीषण दुर्घटना उस वक्त घटी जब ट्रैक्टर पर रखी लकड़ी की भारी पाटी बाइक पर जा गिरे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लीला प्रजापति (43 वर्ष) महोबा जिले के बरांय गांव से ग्राम रिवई में आयोजित एक मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। 25 अक्टूबर को कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वह अपनी बहन विमला प्रजापति (46 वर्ष) और 19 वर्षीय भतीजे कपिल प्रजापति के साथ मोटरसाइकिल से वापस लौट रही थीं।
सफर के दौरान ग्राम गहरौली के पास आगे चल रहे एक ट्रैक्टर में कल्टीवेटर बंधा था, जिस पर लकड़ी की बड़ी व भारी पाटी रखी हुई थी। जैसे ही बाइक सवार कपिल ने ट्रैक्टर को ओवरटेक करने का प्रयास किया, संतुलन बिगड़ने से कल्टीवेटर पर रखी लकड़ी की पाटी सीधे तीनों बाइक सवारों के ऊपर आ गिरी।
पाटी गिरने से हुए इस भीषण आघात में 19 वर्षीय कपिल प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं विमला और लीला गंभीर रूप से घायल हो गईं। राहगीरों की मदद से दोनों महिलाओं को तत्काल महोबा जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका सघन उपचार शुरू हुआ।
हालांकि, गंभीर आंतरिक चोटों के चलते दोनों महिलाओं की स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई और 26 अक्टूबर को इलाज के दौरान विमला और लीला दोनों ने दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद महोबा पुलिस ने आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूर्ण कर तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के उपरांत लीला प्रजापति का पार्थिव शरीर उनकी ससुराल ग्राम बंसिया (छतरपुर) लाया गया है, जहां मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
एक ही झटके में मां, बेटे और मौसी की असमय मौत से पूरे बंसिया गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Leave A Reviews