
सतना-चित्रकूट स्टेट हाईवे पर बुधवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो जिंदगियां लील लीं। कोठी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बगिया मोड़ के पास एक तेज रफ्तार बाइक और ट्रक के बीच हुई आमने-सामने की भिड़ंत में देवर और भाभी की मौत हो गई। इस दुखद घटना में एक 5 साल का मासूम बच्चा भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर चीख-पुकार मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक UP 63 BT 1456 सतना से चित्रकूट की ओर जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक बाइक, जिसे दादूलाल रैकवार चला रहे थे, ट्रक की चपेट में आ गई। बताया जा रहा है कि दादूलाल अपनी भाभी रेशू और 5 वर्षीय भतीजे के साथ यात्रा कर रहे थे। बगिया मोड़ के समीप बाइक सवार ने आगे चल रहे एक वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की, जिससे बाइक गलत साइड में चली गई और सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दादूलाल की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कोठी थाना प्रभारी संतोष तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल रेशू और बच्चे को जिला अस्पताल रवाना किया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रेशू ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक नैना गांव के निवासी थे। वर्तमान में पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद नैना गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Leave A Reviews