
चिचोली। मध्य प्रदेश शासन के राजस्व विभाग द्वारा संचालित स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना 2026 के अंतर्गत शुक्रवार को बैतूल जिले की शाहपुर तहसील स्थित ग्राम पंचायत मोखामाल के ग्राम मोखा रैयत में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में ग्रामीण आबादी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शत-प्रतिशत आवासों एवं संपत्तियों के पंजीकरण व विधिक दस्तावेज निष्पादन का लक्ष्य पूरा किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक गंगा सज्जन सिंह उईके विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि यह अभियान ग्रामीण परिवारों को उनकी पैतृक आवासीय संपत्तियों का पूर्ण विधिक व वैधानिक स्वामित्व अधिकार प्रदान करने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रहा है। इससे गांव के प्रत्येक परिवार को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनने का संबल प्राप्त होगा।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने रेखांकित किया कि वर्षों से आबादी क्षेत्र में बसे ग्रामीणों के पास अपनी आवासीय भूमि का कोई आधिकारिक या वैधानिक दस्तावेज नहीं होता था। इस योजना के क्रियान्वयन से ग्रामीणों के वर्षों पुराने सपने साकार हो रहे हैं और उनकी संपत्तियों को कानूनी संरक्षण प्राप्त हो रहा है। आधिकारिक दस्तावेज मिलने के पश्चात ग्रामीण अपनी परिसंपत्तियों पर बैंकों से ऋण प्राप्त कर सकेंगे तथा भूमि संबंधी आपसी विवादों में भी प्रभावी कमी आएगी।
विधायक गंगा सज्जन सिंह उईके ने इस क्रांतिकारी व जनकल्याणकारी पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार प्रकट किया।
कार्यक्रम में ग्राम सरपंच श्रीराम, वरिष्ठ भाजपा नेता चंपालाल बडोदे, राधेश्याम यादव, इमरत परते, शाहपुर एसडीएम पुष्पराज खोट, तहसीलदार टी. विस्के सहित राजस्व विभाग का स्थानीय अमला और बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।


Leave A Reviews