
सतना जिले स्थित विश्वप्रसिद्ध धार्मिक तीर्थ क्षेत्र चित्रकूट में आयोजित होने वाले भव्य दीपावली मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले में देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सतना के मीटिंग हॉल में एक विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र में मेले में ड्यूटी पर तैनात किए जा रहे लगभग 120 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विस्तृत ब्रीफिंग और कार्यप्रणाली का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) प्रेम सिंह कुर्वे, रक्षित निरीक्षक देविका सिंह बघेल और यातायात प्रभारी निरीक्षक पूनम रावत ने उपस्थित बल को उनके दायित्वों से अवगत कराया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं के साथ विनम्र और सहयोगी व्यवहार रखा जाए। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी, संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल प्रतिक्रिया और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक प्रोटोकॉल समझाए गए।
मेले के दौरान लाखों की संख्या में पहुंचने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए विशेष क्राउड मैनेजमेंट प्लान साझा किया गया। यातायात प्रभारी पूनम रावत ने प्रमुख मार्गों पर वाहनों की पार्किंग, नो-एंट्री जोन और डाइवर्जन व्यवस्था के संबंध में पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया, ताकि परिक्रमा मार्ग और प्रमुख घाटों पर अनावश्यक जाम की स्थिति न बने। संवेदनशील स्थलों और मुख्य घाटों पर सीसीटीवी निगरानी के साथ-साथ सादे कपड़ों में भी पुलिस बल की तैनाती की रणनीति पर जोर दिया गया है।
Leave A Reviews