Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

ओरछा पहुंचे CM मोहन यादव, रामराजा सरकार के दर्शन कर सुनीं बुंदेली प्रस्तुतियां


निवाड़ी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को निवाड़ी जिले के ओरछा पहुंचे। यहां उन्होंने रामराजा सरकार मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने लाला हरदौल बैठका में भी पूजा की और पुरातत्व उद्यान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रामराजा लोक के निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने ओरछा प्रवास के दौरान बुंदेली लोकगीतों का आनंद लिया और कलाकारों के साथ झांझर भी बजाई। उन्होंने मौनिया नृत्य दल के सदस्यों से बातचीत की। मंदिर परिसर में जमीन पर बैठकर भजन सुने। इसके बाद मंदिर के आसपास बाजार का भ्रमण किया और दुकानदारों तथा आम लोगों से बातचीत की। एक मिठाई की दुकान पर उन्होंने कलाकंद खाया और कुल्हड़ में चाय भी पी।

धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का धाम जगमगा रहा है। उज्जैन में बाबा महाकाल के महाकाल लोक के निर्माण के बाद मध्यप्रदेश में धार्मिक पर्यटन को लेकर नया वातावरण बना है। इसी दिशा में ओरछा को भी विकसित करने के लिए सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ओरछा को धार्मिक पर्यटन के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए विकास कार्य आगे बढ़ाए जा रहे हैं।

रामराजा लोक का निर्माण तय समय में पूरा करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने ओरछा में चल रहे रामराजा लोक के निर्माण कार्यों की जानकारी ली और अधिकारियों को इन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विकास कार्यों में तेजी लाने और ओरछा की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को ध्यान में रखते हुए योजनाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

दुकानदारों और स्थानीय लोगों से की बातचीत

मंदिर के आसपास बाजार भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री मनिहारी की दुकान पर पहुंचे। यहां उन्होंने दुकानदार बल्लन जोगी से बातचीत कर उनके व्यवसाय और हालचाल की जानकारी ली। इसके बाद वे मिठाई की दुकान पर पहुंचे, जहां नेहा नाम की बच्ची से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उससे पढ़ाई-लिखाई के बारे में पूछा। बातचीत में बच्ची ने कलेक्टर जमुना भिड़े की ओर से उसकी पढ़ाई में मदद की बात भी बताई।

इस दौरान एक दुकानदार ने मुख्यमंत्री के सामने अपनी आर्थिक समस्या रखी। वहीं, अंतरजातीय विवाह के लिए दो लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा का भी उल्लेख सामने आया है।

लाला हरदौल बैठका में पूजा, पुरातत्व उद्यान का निरीक्षण

बाजार भ्रमण के बाद मुख्यमंत्री लाला हरदौल बैठका पहुंचे। यहां उन्होंने लाला हरदौल की पूजा-अर्चना की। इसके बाद ओरछा स्थित पुरातत्व उद्यान का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के साथ प्रभारी मंत्री नारायण कुशवाहा, सांसद महेश केवट, विधायक अनिल जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश पटेरिया, कलेक्टर जमुना भिड़े और एसपी राय सिंह नरवरिया सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Date & Time : 2026-11-07 11:09:12

Share:

Leave A Reviews

Related News