Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

मुरैना में दलित परिवार पर दबंगों का हमला, फायरिंग और लाठी-डंडों से मारपीट, 5 घायल

मुरैना. मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के जौरा विकासखंड स्थित राजाराम का पुरा गांव में दबंगई का गंभीर मामला सामने आया है. गाय चराने से मना करने पर दबंगों ने दलित परिवार के घर पहुंचकर फायरिंग की और लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की. इस घटना में परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जौरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना का वीडियो शुक्रवार सुबह सामने आने के बाद मामला और तूल पकड़ गया.

पीड़ित महाराज जाटव के अनुसार, गांव के बनवारी गुर्जर और उसके साथियों की गायें उनके खेत में घुसकर चर रही थीं. जब परिवार ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने बाजरे की करब भी उठा ली. इसी बात को लेकर विवाद हुआ और दबंगों ने बदला लेने की धमकी दी.

आरोप है कि गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे बनवारी गुर्जर अपने 10–12 साथियों के साथ दलित परिवार के घर पहुंचा. पहले 8 से 10 राउंड फायरिंग की गई, जिससे गांव में दहशत फैल गई. इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों से परिवार पर हमला कर दिया. इस हमले में रमेश जाटव, महाराज जाटव, बहादुर जाटव, महादेवी जाटव और सिमला जाटव घायल हो गए.

घटना के दौरान परिवार के एक बुजुर्ग ने हाथ जोड़कर माफी भी मांगी, लेकिन इसके बावजूद मारपीट नहीं रोकी गई. यह दृश्य वीडियो में भी कैद हुआ है, जिसमें दबंग लाठी-डंडे लिए नजर आ रहे हैं.

पीड़ितों ने पुलिस पर एफआईआर दर्ज करने में देरी का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि शिकायत देने के बावजूद देर रात तक मामला दर्ज नहीं किया गया. हालांकि, बाद में जौरा थाना पुलिस ने बनवारी गुर्जर, विश्राम गुर्जर, दामोदर गुर्जर, बंटी गुर्जर और वीरा गुर्जर के खिलाफ केस दर्ज किया.

जौरा एसडीओपी नितिन बघेल ने बताया कि विवाद गाय और चारे को लेकर हुआ था. प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी और फिर मारपीट की बात सामने आई है. वीडियो और साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है.

Share:

Leave A Reviews

Related News