Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

दमोह: नाती के साथ दूध लेने जा रही बुजुर्ग महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत, पथरिया फाटक ओवरब्रिज के पास हुआ दर्दनाक हादसा

दमोह जिले में गुरुवार की सुबह एक भीषण रेल दुर्घटना घटित हुई। पथरिया फाटक ओवरब्रिज के नीचे रेलवे ट्रैक पार करते समय एक 60 वर्षीय महिला की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान विमला देवी (60), पति मिथिलेश कुमार चौबे, निवासी वार्ड क्रमांक 4, इमलाई तिराहा के रूप में हुई है। विमला देवी शहर के एक निजी डॉक्टर मिथिलेश कुमार चौबे की पत्नी थीं।

नाती सुरक्षित, दादी बनी हादसे का शिकार

घटना के समय विमला देवी अपने मासूम नाती के साथ थीं। परिजनों के अनुसार, वे सुबह मंदिर दर्शन के लिए निकली थीं। वापसी में उनके पति ने उन्हें दूध लाने के लिए कहा था, जिसके बाद वे प्रतिदिन की तरह पथरिया फाटक ओवरब्रिज के दूसरी ओर स्थित डेयरी से दूध लेने जा रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के वक्त उनका नाती उनसे थोड़ा आगे निकल गया था, जिससे वह बाल-बाल बच गया, लेकिन विमला देवी पटरियों के बीच फंस गईं।

दो ट्रेनों के बीच फंसीं विमला देवी

चश्मदीदों के मुताबिक, जिस समय महिला ट्रैक पार कर रही थीं, उसी दौरान दोनों दिशाओं से ट्रेनें आ गईं। शोर और अफरा-तफरी के बीच महिला संभवतः ट्रेनों की दिशा और गति का अंदाजा नहीं लगा पाईं और एक ट्रेन की चपेट में आ गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। शोर सुनकर आसपास के लोग और जीआरपी पुलिस मौके पर पहुँची, जहाँ नाती को सुरक्षित देख लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन बुजुर्ग महिला को नहीं बचाया जा सका।

पुलिसिया कार्रवाई और मर्ग कायम

घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस के प्रधान आरक्षक लल्लू पांडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। प्रधान आरक्षक पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला रेलवे ट्रैक पार करते समय हुई लापरवाही और दुर्घटना का प्रतीत होता है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Share:

Leave A Reviews

Related News