
दमोह जिले अंतर्गत हिंडोरिया थाना क्षेत्र में गुरुवार रात शराब का सेवन करने के बाद तीन ग्रामीणों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। पेट में तेज दर्द, उल्टी और लगातार चक्कर आने की गंभीर शिकायत के बाद परिजनों द्वारा तीनों को तत्काल हिंडोरिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार मिलने के बाद भी स्थिति में सुधार न होने और एक युवक की हालत अत्यंत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने तीनों को बेहतर उपचार हेतु दमोह जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच आरंभ कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम बेलखेड़ी निवासी 24 वर्षीय घनश्याम ठाकुर, 29 वर्षीय राजेंद्र ठाकुर और लक्ष्मी नारायण ने पास के गांव सतरिया से शराब खरीदी थी। शराब पीने के कुछ ही देर बाद तीनों को बेचैनी होने लगी और पेट दर्द के साथ उल्टियां शुरू हो गईं। सूचना मिलते ही हिंडोरिया थाना प्रभारी धर्मेंद्र गुर्जर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और पीड़ितों से घटनाक्रम के संबंध में पूछताछ की। पूछताछ के दौरान राजेंद्र ने अत्यधिक मात्रा में शराब पीने की बात कही, जिसके बाद पुलिस उनकी मेडिकल हिस्ट्री और शराब के स्रोत की जानकारी जुटाने में जुट गई है।
हिंडोरिया स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ डॉ. राजश्री माली ने बताया कि अस्पताल पहुंचे तीनों मरीजों ने शराब पीने की पुष्टि की थी और उन्हें गंभीर रूप से उल्टी, तेज पेट दर्द और चक्कर आने की शिकायत थी। राजेंद्र की स्थिति ज्यादा चिंताजनक होने के कारण उसे तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जबकि अन्य दोनों को भी निगरानी में रखने के लिए रेफर किया गया।
पीड़ित लक्ष्मी नारायण ने बताया कि शराब का सेवन करते ही सभी की हालत असामान्य होने लगी थी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि तबीयत बिगड़ने की मुख्य वजह शराब का अत्यधिक सेवन था या फिर शराब की गुणवत्ता में कोई मिलावट अथवा जहरीला तत्व मौजूद था। पुलिस ने सतरिया क्षेत्र में शराब बिक्री के स्रोतों की पड़ताल शुरू कर दी है और विसरा व रक्त नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
Leave A Reviews