Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

मऊगंज में 12वीं की छात्रा का शव मिला, पास में घायल युवक, पिता ने लगाए हत्या के आरोप


मऊगंज। मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में देवलहा प्रपात के पास मंगलवार रात 12वीं की छात्रा का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान शालिनी साकेत के रूप में हुई है। बुधवार को उसका इंटरनल एग्जाम होना था। पुलिस को घटनास्थल से कुछ दूरी पर देवगना निवासी विकास साकेत भी घायल अवस्था में मिला। गंभीर हालत में उसे रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया है।

छात्रा के पिता विष्णु प्रसाद ने युवक पर बेटी को शादी के लिए परेशान करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि घायल युवक के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद घटना की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

दवा लेने की बात कहकर घर से निकली थी छात्रा

परिजनों के मुताबिक, शालिनी मंगलवार सुबह पेट दर्द होने और दवा लेने जाने की बात कहकर घर से निकली थी। उसकी छोटी बहन कृतिका ने बताया कि जब उसने साथ चलने की बात कही तो शालिनी ने मना कर दिया। उसने कहा था कि अगले दिन परीक्षा है, इसलिए वह जल्दी लौट आएगी।

दोपहर में परिजनों ने उसे फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं किया। शाम करीब 4 बजे उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रात में अष्टभुजी माता मंदिर के पास देवलहा प्रपात क्षेत्र के जंगल में उसका शव मिलने की सूचना मिली।

शालिनी तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी और रामपुर हायर सेकंडरी स्कूल में पढ़ती थी।

पिता का आरोप- शादी के लिए दबाव बना रहा था युवक

छात्रा के पिता विष्णु प्रसाद ने आरोप लगाया है कि विकास साकेत उनकी बेटी पर शादी करने का दबाव बना रहा था। पिता के मुताबिक, युवक ने धमकी दी थी कि अगर शालिनी उससे शादी नहीं करेगी तो वह उसकी शादी किसी दूसरे व्यक्ति से भी नहीं होने देगा।

पिता ने इसी रंजिश में पत्थर से कुचलकर बेटी की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि शालिनी की शादी मिसिर गवां में तय हो चुकी थी। इसी महीने उसका तिलक और अप्रैल में विवाह होना था।

पुलिस ने पिता के आरोपों को जांच में शामिल किया है। अभी तक हत्या की वजह और घटनाक्रम को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

जंगल में मदद और पानी के लिए चिल्ला रहा था घायल युवक

नईगढ़ी थाने के एसआई पीडी सोनवंशी के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि अष्टभुजी माता मंदिर से लगभग डेढ़ से दो किलोमीटर दूर जंगल में नाले के पास कोई व्यक्ति मदद और पानी के लिए आवाज लगा रहा है।

सूचना मिलने पर एसआई नारायण पांडे की टीम ग्रामीणों और चरवाहों के साथ मौके पर पहुंची। वहां विकास साकेत घायल अवस्था में मिला। पुलिस के मुताबिक, युवक ने वहां दो लोगों के होने की बात कही, लेकिन दूसरे व्यक्ति के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी।

पुलिस ने दुर्गम पहाड़ी रास्ते से पहले घायल युवक को बाहर निकाला। इसके बाद आसपास तलाशी लेने पर छात्रा का शव मिला।

दुर्गम रास्ते से रात में निकाला गया शव

देवलहा प्रपात क्षेत्र में रास्ता काफी दुर्गम होने के कारण पुलिस टीम को शव बाहर निकालने में मशक्कत करनी पड़ी। रात करीब 12 बजे शव को जंगल से बाहर निकालने की प्रक्रिया पूरी हुई और रात लगभग 2 बजे उसे अस्पताल पहुंचाया गया।

मऊगंज के डॉक्टर आरके पाठक के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए शव को फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम के लिए रीवा भेजा जा रहा है। विशेषज्ञों की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

घायल युवक के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है। घायल युवक विकास साकेत का बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य जांच में अहम होंगे। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि घटनास्थल पर वास्तव में क्या हुआ और छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

पुलिस पिता द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच कर रही है। जांच पूरी होने और जरूरी साक्ष्य सामने आने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Date & Time : 2026-11-18 08:20:31

Share:

Leave A Reviews

Related News