
धार जिले अंतर्गत बदनावर तहसील क्षेत्र में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा घटित हुआ। लेबड़-नयागांव फोरलेन पर सादलपुर थाना क्षेत्र में श्रद्धालुओं से भरी एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुलिया के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार का इंजन उखड़कर काफी दूर जा गिरा और वाहन उछलकर पुलिया के नीचे जा गिरा। नीचे गिरते ही कार में भीषण आग भड़क उठी, जिसकी चपेट में आकर कार सवार चार युवकों की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, धार जिले के सागौर निवासी पांचों घनिष्ठ मित्र कार में सवार होकर राजस्थान स्थित प्रसिद्ध सांवरिया सेठ मंदिर में दर्शन-पूजन करने गए थे। रविवार रात करीब 11:30 बजे जब वे वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी सादलपुर और खेरोद के बीच एक ढाबे के पास यह दर्दनाक दुर्घटना हुई। भीषण टक्कर के प्रभाव से एक युवक छिटककर कार से बाहर फिंक गया, जबकि बाकी चार युवक कार के भीतर ही फंसे रह गए।
हादसे के चंद पलों के भीतर ही कार में विकराल आग लग गई, जिसके कारण अंदर फंसे युवकों को बाहर निकलने या संभलने का कोई मौका नहीं मिला। मार्ग से गुजर रहे राहगीरों की सूचना पर डायल-112 की टीम और सादलपुर थाने का पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। दमकल वाहनों को बुलाकर काफी प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी और चारों युवक दम तोड़ चुके थे।
पुलिस ने भारी मशक्कत के बाद जले हुए शवों को कार से बाहर निकाला और पंचनामा बनाकर पोस्टमॉर्टम हेतु धार जिला चिकित्सालय भिजवाया। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान अंकुश उर्फ भीम (20) पिता विक्रम चौधरी, चेतन चौधरी (20) पिता जीवन चौधरी, आदित्य उर्फ अनमोल तिवारी (19) पिता संतोष तिवारी और अभिषेक सोलंकी पिता लक्ष्मण सोलंकी (सभी निवासी सागौर) के रूप में हुई है। वहीं, कार से बाहर गिरे घायल युवक तुषार मंडलोई (20) पिता मुकेश मंडलोई को प्राथमिक उपचार के उपरांत गंभीर हालत में इंदौर रेफर किया गया है।
एक ही गांव के चार होनहार नवयुवकों की असमय और रोंगटे खड़े कर देने वाली मौत की सूचना मिलते ही सागौर और आसपास के समूचे ग्रामीण अंचल में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में चूल्हे तक नहीं जले। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर दुर्घटना के तकनीकी कारणों और वाहन की गति को लेकर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
Leave A Reviews