Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी और पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में आयोजित


मैहर, 18 नवंबर। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए बिना नंबर के वाहनों और अनफिट भारी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों पर दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट को सुधारने और सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।

बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी और पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह की उपस्थिति में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुधारात्मक कार्यों की समीक्षा की गई।

बिना नंबर और अनफिट वाहनों की होगी जांच

कलेक्टर ने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) को सभी व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिना नंबर के चलने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और नियमों का उल्लंघन करने वाले भारी वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

ब्लैक स्पॉट सुधारने को एनएचएआई को निर्देश

बैठक में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे किए गए अतिक्रमण हटाने के लिए नियमित अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका वाले ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्य प्राथमिकता से कराने को कहा गया।

सड़क निर्माण एजेंसियों को मुख्य मार्गों से जुड़ने वाली संपर्क सड़कों पर निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुसार गति अवरोधक बनाने के निर्देश भी दिए गए। हाईवे के किनारे स्थित विद्यालयों के आसपास विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए संकेतक, चेतावनी बोर्ड और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।

अस्पतालों का पीएम राहत योजना में पंजीयन अनिवार्य

कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को जिले के सभी अस्पतालों का पीएम राहत योजना के पोर्टल पर पंजीयन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय पर उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

जागरूकता अभियान चलाने पर जोर

कलेक्टर ने शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग और अन्य संबंधित विभागों को नागरिकों तथा विद्यार्थियों के बीच सड़क सुरक्षा को लेकर नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से जिम्मेदारीपूर्वक काम करें और लोगों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करें।

बैठक में अपर कलेक्टर रोशन राय, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री पंकज खराड़े, सीएमएचओ डॉ. मनोज शुक्ला, जिला शिक्षा अधिकारी सलोनी शर्मा, एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर तथा एमपीआरडीसी और ग्रामीण यांत्रिकी सेवा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Date & Time : 2026-11-18 10:56:42

Share:

Leave A Reviews

Related News